दुर्ग

बच्ची की इलाज के दौरान मौत, परिजनों ने किया हंगामा
24-Sep-2023 3:17 PM
बच्ची की इलाज के दौरान मौत, परिजनों ने किया हंगामा

पुलिस की समझाइश बाद लौटे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग/भिलाई नगर, 24 सितंबर। दुर्ग जिले के पद्मनाभपुर थाना अंतर्गत कलर्स अस्पताल में इलाज के दौरान 2 साल की बच्ची की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा मचाया।

बताया जाता है कि 5 दिनों के उपचार के बाद भी 2 वर्षीय परीधि की सांस लेने में तकलीफ दूर नहीं हुई। छठवें दिन शनिवार को वेंटिलेटर सपोर्ट देने के बाद भी उसने दम तोड़ दिया।

बच्ची के मौत की जानकारी आन ड्यूटी डॉक्टर ने जैसे ही पिता प्रेम निर्मलकर को दी, वे अपना आपा खो बैठे। इसके बाद बजरंग पारा से बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए और हंगामा शुरू हो गया। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। अस्पताल प्रबंधन की ओर से डॉक्टर डॉ. रूपेश ने परीधि की मौत का कारण फेफड़े सहित पूरे शरीर में जबरदस्त संक्रमण और खून तथा वजन में कमी (सीवियर निमोनिया विथ एआरडीएस और सेप्टिक शॉक एनीमिया एंड फेल्योर टू थ्रिव) को बताया जबकि पिता ने कहा कि सरकारी जिला अस्पताल व निजी अस्पताल की सांठगांठ में उनकी बच्ची की जान चली गई।

परिधि के पिता प्रेम निर्मलकर के मुताबिक सांस में तकलीफ सहित अन्य परेशानियों के कारण वह अपनी बेटी को 16 सितंबर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। खून आदि जांच करने के बाद वहां के डॉक्टरों ने 2 ग्राम खून की जानकारी देते हुए बच्ची की अति गंभीर स्थिति बताई। आगे वह उनसे बच्ची के बेहतर उपचार के लिए पूछे तो उन्होंने कलर्स अस्पताल से एंबुलेंस बुला लिया और बच्ची के साथ वहीं पहुंच गए। कलर्स अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि बच्ची जब हॉस्पिटल लाई गई तो 2 ग्राम हीमोग्लोबिन था, जब हमारे अस्पताल पहुंची उसके शरीर में मात्र 2 ग्राम खून था। साथ ही जबरदस्त निमोनिया के कारण उसके फेफड़े नहीं के बराबर काम कर रहे थे। पिता के निवेदन पर अति गंभीर स्थिति जानते हुए भी हमारी टीम ने बच्ची को भर्ती कर ठीक करने चैलेंज लिया। चार दिन एचएफएनसी पर रखकर रिकवर करने लगे रहे। सफलता नहीं मिली तो पांचवें दिन वेंटीलेटर पर रखा, फिर भी वह सर्वाइव नहीं की। परिजनों को पुलिस ने समझाया और वस्तुस्थिति से डाक्टर्स द्वारा अवगत कराने के बाद प्रदर्शनकारी लौट गए।


अन्य पोस्ट