दुर्ग
दिल्ली पुलिस से डाटा ले की जा रही है पूछताछ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 22 सितंबर। कल सिविक सेंटर जयंती स्टेडियम मैदान में आयोजित महिला समृद्धि सम्मेलन में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को सुनने के लिए दिल्ली से आई दो महिलाओं को पुलिस ने पकड़ा है। संभवत: पुलिस आज संपूर्ण मामले का खुलासा करेगी।
भिलाई नगर टीआई मनोज प्रजापति ने बताया कि कल सभास्थल में महिला सेल की ड्यूटी लगाई गई थी। आईसीयूएडब्ल्यू एएसपी मीता पवार और डीएसपी शिल्पा साहू टीम के साथ पुलिस सभा स्थल पर तैनात थी। उसी समय प्रियंका गांधी वाड्रा को सुनने के लिए आईं महिलाएं अचानक चिल्लाने लगीं और दिल्ली आई महिलाओं की ओर इशारा करते हुए बताया कि उन्होंने उनके गले से सोने की चेन झपटी है।
एएसपी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए डीएसपी के नेतृत्व में महिला सेल ने संदेही महिलाओं को हिरासत में ले पूछताछ की। उसमें एक महिला ने बताया कि जो महिला शिकायत कर रही है, उसी की साड़ी में चेन फंसी है, डीएसपी ने चेन को बरामद किया है। पकड़ी गई महिलाओं से पूछताछ कर दिल्ली पुलिस से उनका डाटा मंगा छानबीन की जा रही है, जिसका आज पुलिस खुलासा करेगी।