दुर्ग

सन प्राइवेट आईटीआई में द्वितीय दीक्षांत समारोह का हुआ आयोजन
19-Sep-2023 7:16 PM
सन प्राइवेट आईटीआई में द्वितीय दीक्षांत समारोह का हुआ आयोजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 19 सितंबर। सन प्राइवेट आईटीआई, चंदखुरी, दुर्ग (भारती ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस) में रविवार को द्वितीय दीक्षांत समारोह का आयोजन हुआ। इसमें उत्तीर्ण प्रशिक्षणार्थियों को प्रोत्साहन राशि, प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो, मेडल, अंक सूची व प्रमाण पत्र (एनटीसी) प्रदान किया गया। इस दीक्षांत समारोह में सभी उत्तीर्ण प्रशिक्षणार्थियों ने बढ-चढक़र हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में भारती विश्वविद्यालय के कुलाधिपति सुशील चंद्राकर उपस्थित रहे। मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। तत्पश्चात नवप्रवेशित प्रशिक्षणार्थियों के द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।

संस्था के प्राचार्य विजय कुमार यदु ने स्वागत भाषण में उत्तीर्ण बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें भविष्य में अपने व्यवसाय में आगे बढऩे के लिए सकारात्मक सोच व अपने कार्य के प्रति पूर्ण निष्ठा व लगन के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी गई।

हर प्रशिक्षणार्थी को सरकारी नौकरी प्राप्त नहीं हो सकती है। रोजगार के असीम संभावनाएं हैं, प्राइवेट क्षेत्र में भी कार्य करके व अपना स्वयं का रोजगार करके भी आजिविका चला सकते हैं। हमें स्वयं अपना रोजगार तैयार कर दूसरों को रोजगार देने की सोच रखना चाहिए।तब ही आप देश के विकास में भागीदार बन सकते हैं।

इस अवसर पर भारती विश्वविद्यालय के कुलाधिपति सुशील चंद्राकर ने आशीर्वाद स्वरूप बच्चों को अपने उद्बोधन में बताया कि आप कौशल प्रशिक्षण के पश्चात कुशल व्यवसायी बन सकते हैं। आज का युग मशीनरी युग है। कोई भी कार्य बिना मशीन के नहीं होता है और कोई भी मशीन बिना बिजली के या बिना डीजल के नहीं चलती है।वहीं कोई भी कार्य बिना कम्प्यूटर के नहीं होता है। आप के बिना समाज में कोई भी कार्य नहीं हो सकता। इसलिए आप जैसे कुशल प्रशिक्षण प्राप्त लोगों की देश के विकास में बहुत योगदान है। इसके पश्चात मुख्य अतिथि के द्वारा उत्तीर्ण प्रशिक्षणार्थियों को प्रोत्साहन राशि, प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो, मेडल, अंक सूची व प्रमाण पत्र (एनटीसी) से सम्मानित किया गया।

संस्था के रजिस्ट्रार खिलेश कुमार गंजीर ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि संस्था ने समाज को ऐसे रतन से नवाजे हैं जो समाज में एक नई ऊर्जा का संचार करेंगे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी सोच के तरीकों को हमेशा जीवंत रखने चाहिए ताकि वह अपने व्यवसाय की अधिकतम ऊंचाइयों को छू सके।

कार्यक्रम का संचालन प्रशिक्षण अधिकारी सुरेंद्र कुमार देवांगन एवं शिवानी ताम्रकार ने किया। इस अवसर पर  प्रशिक्षण अधिकारी देवेंद्र यादव, आशीष सिहानी, मनीषा ठाकुर, देवेश कुमार साहु एवं सभी प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट