दुर्ग
सिख समुदाय ने घेरा खुर्सीपार थाना, 4 गिरफ्तार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 16 सितंबर। बीती रात कुछ नशेड़ी युवकों ने गुरुद्वारा बेबेनानकी जी प्रबंध कमेटी के प्रधान सरदार कुलवंत सिंह के बेटे का रास्ता रोककर मारपीट की। घायल युवक को रायपुर में अस्पताल ले जाया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आरोपियों की धरपकड़ की मांग को लेकर सिख समुदाय के लोगों ने थाने का घेराव किया। करीब 2 घंटे बाद आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के आश्वासन पर लौटे। पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
ज्ञात हो कि जिस आईटीआई ग्राउंड में मारपीट हुई वो नशेडिय़ों का अड्डा बन चुका है। यहां आपराधिक किस्म के लोग हर समय देर रात तक नशा करते हुए बैठे रहते हैं। इस दौरान कोई अकेला मिलता है तो वो लोग उससे रुपए की मांग कर मारपीट भी करते हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक मलकीत सिंह उर्फ वीरू(35)निवासी दुर्गा मंदिर के पास गौतम नगर खुर्सीपार शुक्रवार रात बाइक से गदर 2 फिल्म देखकर घर लौट रहा था। रात 9 बजे के करीब जैसे ही वो खुर्सीपार थाना क्षेत्र अंतर्गत आईटीआई मैदान के पास पहुंचा करीब 5-6 लडक़ों ने उसे रोक लिया। रोकते ही वो लोग उससे गाली-गलौज करने लगे।

मलकीत ने विरोध किया तो उसको चाकू टिका जमकर पीटा गया। आरोपी मलकीत को वहीं अधमरा छोडक़र भाग गए। सूचना पाकर घर वाले मौके पर पहुंचे और और उसे तुरंत खुर्सीपार के निजी अस्पताल में लेकर गए, जहां से डॉक्टर ने हालत गंभीर होने पर उसे रायपुर रेफर कर दिया। रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मलकीत ने देर रात दम तोड़ दिया।
मलकीत के पिता सरदार कुलवंत सिंह बिल्डिंग मटेरियल की दुकान है। घटना के बाद से पूरे सिख समुदाय में रोष व्याप्त है। गुरुद्वारा कमेटी के सभी सदस्य और सिख समुदाय के लोग बड़ी संख्या में अभी खुर्सीपार थाने पहुंचे हुए हैं।
उन्होंने आरोपियों की धरपकड़ की मांग को लेकर थाने का घेराव शुरू कर दिया है। बढ़ते तनाव को देखते हुए एएसपी संजय ध्रुव और दूसरे थानों का बल भी वहां पहुंचा और आक्रोशित लोगों को समझाइश दी गई। करीब 2 घंटे बाद आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के आश्वासन पर माने।
पुलिस ने आरोपियों को पकडऩे के लिए कई जगह दबिश दी और खुर्सीपार इलाके से ही 4 आरोपियों तरुण निषाद, शुभम लहरे उर्फ बल्लू, तसव्वुर, फ़ैसल को हिरासत में लिया गया।

