दुर्ग

डॉक्टर पर यौन उत्पीडऩ का आरोप, महिला सहकर्मी ने की शिकायत
15-Sep-2023 3:03 PM
डॉक्टर पर यौन उत्पीडऩ का आरोप, महिला सहकर्मी ने की शिकायत

एसपी ने कहा-पुलिस करेगी कार्रवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 15 सितंबर। दुर्ग जिले के मुख्य चिकित्सालय में पदस्थ डॉक्टर नोडल अधिकारी के खिलाफ एक विभागीय महिला द्वारा यौन उत्पीडऩ की लिखित शिकायत से जिला प्रशासन में हडक़ंप मच गया है।

ज्ञात हो कि जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी दुर्ग के कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड 3 अन्य पिछड़ा वर्ग की महिला कर्मचारी ने सीएमएचओ ऑफिस में पदस्थ नोडल अधिकारी डॉ. एसके जामगढ़े पर यौन उत्पीडऩ का आरोप लगाया है। पीडि़त महिला द्वारा सीएमएचओ एवं पुलिस अधीक्षक दुर्ग से भी शिकायत की गई है।

 बाद में विशाखा समिति के 5 सदस्यों के द्वारा दोनों ही पक्षों को सुना गया एवं डॉ जामगढ़े को तत्काल कार्य मुक्त करने की अनुशंसा सीएमएचओ से की गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जेपी मेश्राम के द्वारा डॉ. जामगढ़े को सीएमएचओ कार्यालय से कार्य मुक्त करते हुए मूल पद स्थापना के स्थान शहरी परिवार कल्याण केंद्र सुपेला में भेज जरूर दिया गया है, परंतु डॉक्टर जामगढ़े के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

दूसरी ओर ‘छत्तीसगढ़’ के द्वारा पुलिस अधीक्षक दुर्ग शलभ कुमार सिन्हा से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि पहले विशाखा समिति को ही कार्रवाई करनी होती है उसके पश्चात विशाखा समिति की अनुशंसा पर पुलिस के द्वारा दोषी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यदि विशाखा समिति के द्वारा कार्रवाई नहीं की जाती है तो पुलिस के द्वारा पीडि़त महिला की शिकायत पर सीधे कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब हो कि चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके जामगढ़े जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में पदस्थ हैं एवं इसी कार्यालय में शिकायतकर्ता महिला सहायक ग्रेड 3 कर्मचारी भी पदस्थ है। सीएमएचओ एवं पुलिस प्रशासन को दी गई शिकायत में महिला ने आरोप लगाया गया है कि डॉ. जामगढ़े द्वारा उन्हें बुरी नजर से पहले से ही देखा जा रहा था और कार्यालय काम के संबंध में डॉ. जामगढ़े के समक्ष जाने पर बुरी नजर से घूरना एवं कुछ मांगने का प्रयास किया जाता रहा है। डॉ. जामगढ़े यह भी कहते रहे कि वह उनकी बातों को अनसुना कर रही है।

महिला ने शिकायत में उल्लेखित किया कि 13 सितंबर करीब 11.40 डॉ. जामगढ़े ने अपने ऑफिस में उसे बुलाया और अकेला पाकर कहा कि तुम्हारी कुर्सी अब मेरे बगल में लग गई है तत्काल ज्वाइन कर बैठना शुरू कर दो। बुरी नजर से देखते हुए एवं घूरते हुए कहा कि मेरा कहा मान लो, मैं कोई भी परेशानी नहीं होने दूंगा और उसे अपनी गर्लफ्रेंड बन जाने कहा। अश्लील बातें सुनकर महिला बाहर आ गई।

डॉ. जामगढ़े भी बाहर आ गए और अशोभनीय शब्दों का प्रयोग किया, जिसका महिला ने विरोध किया। मामले की शिकायत किए जाने की बात कहने पर डॉक्टर जामगढ़े गिड़गिड़ाने लगा, इस दौरान अन्य कर्मचारी भी देखने लगे और सारे मामले को सीसीटीवी रिकॉर्डिंग में देखे जा सकने का दावा भी महिला के द्वारा किया गया है।

महिला ने शिकायत में यह भी उल्लेखित किया कि 13 सितंबर 2023 को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी दुर्ग के द्वारा कार्यालयीन शाखाओ में प्रभार परिवर्तन का आदेश जारी किया गया। जिसमें उसे स्थापना शाखा के प्रभार से हटाकर आवक जावक शाखा का कार्य दिया गया और उसका कक्ष भी बदलते हुए तुरन्त ही प्रभार ग्रहण करने का आदेश दिया गया। वह जब से इस विभाग में पदस्थ हुई तब से स्थापना शाखा का कार्य कर रही थी। 13 सितंबर को प्रभार परिवर्तन के आदेश को लेकर वह जिला परिवार कल्याण अधिकारी के पास गई और उनसे बोली कि वह 14 सितंबर को अपना प्रभार ग्रहण कर लेगी।

 महिला ने बताया कि पूर्व में भी डॉ. एस के जामगढ़े द्वारा मेरे साथ महिला विरोधी दुव्र्यवहार किया गया था, जिसका उसने विरोध किया। इस बात को लेकर उन्होंने उसे कार्य प्रभार से हटाने अपने कक्ष कमरा क्रमांक 4 में लाने की बात कही थी। पूरे घटनाक्रम की जानकारी महिला द्वारा कार्यालय प्रमुख डॉ. मेश्राम मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी दुर्ग को दूरभाष से दी गयी। उनसे निवेदन किया गया कि डॉ. एस के जामगढ़े के खिलाफ कार्रवाई की जाए लेकिन उनके द्वारा कहा गया कि कार्यालय की बदनामी होगी, बात को यही खत्म करते हैं।

 तब महिला ने कहा कि उनके स्तर से उसे न्याय मिलने की कोई उम्मीद नहीं है, इसलिए महिला ने कलेक्टर और एसपी को लिखित शिकायत कल की है। इन सब घटनाओं से वह मानसिक एवं शारीरिक रूप से बहुत ही पीडि़त है एवं अपने शासकीय कार्य करने में उसे परेशानी हो रही है। डाक्टर एस के जामगढे के खिलाफ कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीडऩ (रोकथाम निषेध और निवारण) अधिनियम 2013 के आधार पर तत्काल कार्यवाही कर बर्खास्त किये जाने तथा घटना की जांच हेतु कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कक्ष में लगे कैमरे का फुटेज सुरक्षित रखने का आदेश पारित करने का निवेदन किया गया है।

 सीएमएचओ की कार्रवाई की जानकारी नहीं, कार्रवाई नहीं हुई तो पुलिस लेगी एक्शन - एसपी

इस पूरे मामले में डॉ. जेपी मेश्राम ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि महिला के द्वारा 13 सितंबर की दोपहर 3 बजे उन्हें शिकायत व्हाट्सएप के माध्यम से की गई है। जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए मामले को विशाखा समिति के समक्ष सुनवाई के लिए भेजा गया था। सुनवाई के बाद विशाखा समिति के पांच सदस्यों की अनुशंसा के पश्चात डॉ. जामगढ़े को कार्य मुक्त कर दिया गया है एवं आदेश की कॉपी पुलिस अधीक्षक दुर्ग को भेज दी गई है।

कल रात पुलिस अधीक्षक दुर्ग ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि उन्हें अभी तक सीएमएचओ ऑफिस से इस मामले में विशाखा समिति द्वारा की गई कार्यवाही एवं कार्य मुक्त किए जाने का कोई आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। पीडि़त महिला के द्वारा उन्हें भी शिकायत की गई है यदि शुक्रवार तक सीएमएचओ ऑफिस के द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की जाती है तो महिला की शिकायत पर पुलिस के द्वारा सीधे डॉक्टर के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया जाएगा।


अन्य पोस्ट