दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 15 सितंबर। छत्तीसगढ़ी सरयूपारीण महिला ब्राम्हण समाज ने विवेकानंद भवन पद्मनाभपुर में तीज उत्सव धूमधाम के साथ मनाया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक अरुण वोरा ने महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनका हौसला बढ़ाया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला ब्राम्हण समाज की अध्यक्ष अनीता पांडेय ने की। कार्यक्रम में महिलाओं द्वारा एकल नृत्य, समूह नृत्य, गरबा व छत्तीसगढ़ी नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी गई। श्वेता शुक्ला द्वारा गणेश वंदना की प्रस्तुति ने सबका मन मोह लिया। तीज उत्सव में तीज क्वीन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान रानी उपाध्याय, द्वितीय निधि शर्मा और तृतीय स्थान अनीता पांडेय ने प्राप्त किया।
इस अवसर पर अन्य मनोरंजक प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने बढ़ चढक़र हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन अपर्णा तिवारी और आभार प्रदर्शन समाज की सचिव शीला चौबे ने किया। तीज उत्सव में रायपुर ब्राम्हण महिला समाज की पदाधिकारी कुसुम शर्मा, जिंदगी ना मिलेगी दोबारा संस्था से सुष्मा तिवारी, भिलाई ब्राम्हण समाज से आरती दीवान के अलावा छत्तीसगढ़ी सरयूपारीण महिला ब्राम्हण समाज दुर्ग की पदाधिकारी व सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए।