दुर्ग

बच्ची से छेड़छाड़ जमानत आवेदन खारिज
15-Sep-2023 2:31 PM
बच्ची से छेड़छाड़  जमानत आवेदन खारिज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 15 सितंबर। बच्ची के साथ छेड़छाड़ करने वाले मामले में अभियुक्त के भाई द्वारा जमानत के लिए लगाए गए आवेदन पर सुनवाई के बाद अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ एफटीसी संगीता नवीन तिवारी की कोर्ट ने पॉस्को एक्ट के तहत दर्ज मामले की गंभीरता को देखते हुए जमानत आवेदन को खारिज कर दिया है।

6 जुलाई 2023 को दशहरा मैदान शांति नगर स्थित कोचिंग सेंटर में 12 वर्षीय बच्ची ट्यूशन जा रही थी। इसी दौरान 45 वर्षीय आरोपी राजू साहू निवासी बैकुंठ धाम मंदिर के पास छावनी ने बच्ची को रोका और हाथ पकड़ कर खींचकर सडक़ 8 में ले गया। इसके बाद आरोपी ने उससे कहा कि  पूजा के लिए फूल पत्ती तोड़ कर दो। जब बच्ची ने विरोध किया तो आरोपी उसे पकड़ लिया और जबरदस्ती उसके साथ अश्लील हरकत किया। साथ ही से जान से मारने की धमकी भी दी। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी और उसका फुटेज भी निकाला गया था।

आरोपी के भाई ने न्यायालय में जमानत आवेदन लगाते हुए तर्क दिया था कि उसके भाई को शंका के आधार पर गिरफ्तार किया गया है और उसे झूठा फसाया गया है। न्यायालय में बहस के दौरान विशेष लोक अभियोजक संतोष कसार ने बहस करते हुए अपना तर्क दिया एवं न्यायालय में वीडियो भी दिखाया जिसमें साफ दिखाया गया कि आरोपी ने बच्ची के साथ छेड़छाड़ कर घटना को अंजाम दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय ने जमानत आवेदन को खारिज कर दिया।


अन्य पोस्ट