दुर्ग
भिलाई नगर, 14 सितंबर। कैम्प-2 स्थित मिलन चौक पर दुर्गा विद्यालय के पीछे कल रात कुछ युवकों ने दो लोगों का रास्ता रोक मारपीट की और उन पर चाकू से हमला कर भाग गए। घटना की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। इस मामले में छावनी थाना पुलिस ने आरोपी बिन्नी और उसके साथियों के खिलाफ धारा 294, 323, 34, 506बी और 324 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।
पुलिस ने जानकारी दी कि 17 वर्षीय निहाल राव फेरी का काम करता है। कल रात वह अपने दोस्त राहुल के साथ नंदनी रोड केम्प 2 के बाबू पान ठेला वाली गली से गुजर रहा था, तभी बिन्नी और उसके अन्य साथी एक राय होकर पुराने विवाद को लेकर उसका रास्ता रोक गाली गलौज करने लगे। उसे जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ मुक्का से पीटने लगे। विरोध करने पर बिन्नी ने अपने पास रखे धारदार चाकू से निहाल के बाएं पैर पर वार कर दिया। जब राहुल बीच बचाव करने आया तो उसे भी बिन्नी और उसके साथियों ने मिलकर हाथ मुक्का से मारपीट की। राहुल के बाएं हाथ में चाकू से वार कर दिया। तभी विकास और समीर बीच-बचाव करने आए तो सभी आरोपी मौके से भाग निकले। लहुलुहान राहुल और निहाल रात में ही छावनी थाना पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज करवाई है। दोनों को उपचारार्थ सुपेला हास्पिटल भेजा गया है। आरोपियों की तलाश जारी है।