दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 13 सितंबर। भारती विवि दुर्ग द्वारा 12 सितंबर को गोदग्राम पीसेगांव एवं कोनारी में विविध आयोजन किए गए, सर्वप्रथम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोनारी में टीकाकरण जागरूकता अभियान के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों के साथ टीकाकरण पर समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें गांव में टीकाकरण की वस्तुस्थिति, भावी योजना एवं चुनौतियां इत्यादि विषयों पर चर्चा की गई।
तत्पश्चात गोद ग्राम पीसेगांव पंचायत भवन में ग्रामीण विकास के विभिन्न मुद्दों पर सरपंच गुलाब बांधे के साथ बैठक में चर्चा की गई। साथ ही माननीय सरपंच की अध्यक्षता में ग्राम सभा का आयोजन सभागृह में किया गया, जिसमें समाजशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. स्नेह कुमार मेश्राम द्वारा सामाजिक एकता अभियान के अंतर्गत सामाजिक एकता एवं अखंडता विषय पर ग्रामीणों के समक्ष भारतीय संविधान की विषयवस्तु धर्मनिरपेक्षता, पंथनिरपेक्षता, जातिगत समानता की व्याख्या करते हुए जाति, भाषा, धर्म, पंथ इत्यादि के आधार पर किसी भी प्रकार का भेदभाव, वैमनस्य होने के सामाजिक, पारिवारिक एवं व्यक्तिगत दुष्परिणामों की व्याख्या की गई।
अपने उद्बोधन में सरपंच गुलाब बांधे ने जाति, धर्म अथवा वर्ग के आधार पर भेदभाव को राष्ट्र की प्रगति में बाधक बताया तथा ग्राम वासियों को पारस्परिक सद्भाव व भाईचारे के साथ ग्राम के विकास में सहयोग करने की अपील की। ग्राम सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता प्रदान की। कार्यक्रमों का आयोजन गोदग्राम संयोजक एवं राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. स्नेह कुमार मेश्राम द्वारा डॉ. रोहित कुमार वर्मा के विशेष सहयोग से किया गया।