दुर्ग
जेसीबी से खुदाई करवा परिजनों ने घर के पीछे ही दफनाया
एसडीओपी भी रहे मौजूद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 11 सितंबर। पाटन के ग्राम उफरा में धर्मांतरित युवती के निधन के बाद उसके अंतिम संस्कार को लेकर उपजा विवाद प्रशासन की पहल बाद शांत हो गया है।
ज्ञात हो कि इस गांव की मृतक युवती के परिजनों ने अन्य कोई धर्म अपना लिया था, जिसके बाद ग्रामीण उसका अंतिम संस्कार गांव मुक्तिधाम में नहीं करने देने को लेकर एकत्र हो गए थे।
घटना की खबर लगते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और प्रशासन की पहल पर मामले को शांत कराया। बताया जा रहा है कि मृतका के परिजनों ने अन्य कोई धर्म अपना लिया जिसके बाद ग्रामीण युवती का अंतिम संस्कार गांव के मुक्तिधाम में नहीं करने देने को लेकर एकत्र हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी देवांश सिंह राठौर भी मौके पर पहुंचे और चर्चा कर मामला शांत कराया।
गौरतलब है कि विरोध के बाद युवती का अंतिम संस्कार उसके परिजनों ने अपने घर के ही पीछे स्थित खाली जगह पर किया। इसके लिए कल ही जेसीबी से खुदाई कर उसका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान कुछ ही दूरी पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद थे। एक सडक़ दुघर्टना में घायल युवती की मौत होने के बाद यह विवाद अंतिम संस्कार को लेकर उपजा था।