दुर्ग

ताला तोड़ घर में चोरी, नाबालिग समेत 2 आरोपी गिरफ्तार
11-Sep-2023 5:32 PM
ताला तोड़ घर में चोरी, नाबालिग समेत 2 आरोपी गिरफ्तार

  जेवर, लैपटॉप, कांसे की मूर्ति समेत 3 लाख का सामान जब्त  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 11 सितंबर। दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना अन्तर्गत दस दिन पूर्व हुई बड़ी चोरी के आरोपियों को पुलिस ने धरदबोचा है। सीएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि चोरी के मामले में आरोपी युवक के साथ एक अपचारी बालक को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों से लगभग 3 लाख का चोरी का सामान भी रिकवर हुआ है।

मोहन नगर पुलिस थाना में 1 सितंबर को साईं नगर उरला के एक किराये के मकान में रहने वाले टोपेश कुमार साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि अज्ञात चोर उसके घर का ताला तोडक़र अंदर प्रवेश कर घर में रखे डेल कंपनी का लैपटाप, स्पीकर, फिलीप्स कंपनी का ट्रिमर तथा घर के आलमारी में रखे सोने का नेकलेस, चांदी की पायजेब एक जोड़ी, बच्चे का सोने का एक नग लाकेट, चांदी की पायल, सोने का कान का लटकन एक जोड़ी, एक सोने का मंगलसूत्र, पूजा कमरे मे रखी कांसे की मूर्ति, बच्चे का बैग तथा नगदी करीबन 10 हजार रूपये की चोरी कर ले गया है।  

रिपोर्ट पर थाना मोहन नगर पुलिस ने उच्च अधिकारियों के दिशा निर्देश पर टीम बनाकर अलग-अलग जगहों का सीसीटीवी फुटेज खंगाला और संदेहियों से पूछताछ की।

मुखबिर की सूचना पर आरोपी कमल ठाकुर (19 वर्ष) निवासी ओम नगर उरला दुर्ग एवं एक अपचारी बालक को पता तलाश कर आज हिरासत मे लेकर पूछताछ की गयी। आरोपी युवक अपचारी बालक ने मिलकर सांई नगर उरला के मकान से चोरी करना स्वीकार किया तथा उनकी निशानदेही पर लैपटाप, स्पीकर, ट्रिमर, सोने का नेकलेस सहित अन्य जेवरात बरामद कर लिया गया है।


अन्य पोस्ट