दुर्ग
कई लोगों से मारपीट की खबर, जांच शुरु
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 11 सितंबर। कल रात खुर्सीपार थाना क्षेत्र में दही हांडी कार्यक्रम के दौरान कुछ गुंडे बदमाश प्रवृत्ति के लोगों ने रात भर तलवार-चाकू लेकर जमकर उत्पात मचाया है। इस दौरान उन्होंने एक घर में घुसकर मारपीट भी की और रात भर मोहल्ले में उत्पात मचाते रहे। आरोप है कि पुलिस को फोन पर सूचना देने के बाद भी कोई नहीं पहुंचा, जिससे लोगों में आक्रोश है।
खुर्सीपार श्रमिक बस्ती निवासी देवकुमार भारती ने पुलिस को बताया कि वार्ड 51 में कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर कल रात दही हांडी का कार्यक्रम था। उसी दौरान वो अपने दोस्त से मिलने जा रहा था। कार्यक्रम के दौरान वहां मौजूद वार्ड 51 निवासी बसंत सिंह और तामेश राव अपने साथियों के साथ आए और देव कुमार के साथ गाली गलौज कर मारपीट करने लगे। उनके हाथ में चाकू, तलवार और डंडा भी था। देव वहां से जान बचाकर अपने घर भागा। जब देव ने घर का दरवाजा बंद कर लिया तो आरोपी वहां पहुंचे और तलवार और कुल्हाड़ीनुमा हथियार से दरवाजे को ही फाड़ दिया और घर के लोगों से मारपीट की। इस मारपीट में देवकुमार भारती के सिर में चोट आई है जबकि देव के पिता मनीराम के हाथ में चाकू लगा है और छोटे भाई के सिर और अन्य जगह चोट आई है।
पीडि़त पक्ष और मोहल्ले के लोगों का कहना है कि कई लोग रात में आकर कई घंटे तक गाली गलौज और मारपीट किए हैं और अन्य घर के दरवाजे भी तोड़ गए। इस दौरान पुलिस को फोन करके सूचना दी गई लेकिन पुलिस वहां नहीं पहुंची। इससे मोहल्ले को लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि इस मामले में सही कार्रवाई नहीं होती तो वो लोग भी थाने का घेराव कर मांग करेंगे। खुर्सीपार पुलिस ने तीनो घायलों का मुलाहिजा कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने इस मामले में देवकुमार भारती (26 वर्ष) की रिपोर्ट पर आरोपी बसंत सिंह, कामेश राव, सोनू देवांगन, कृष्ण कुमार के खिलाफ धारा 294, 323, 34, 506 बी के तहत मामला दर्ज किया है जबकि कन्हैया दास (26 वर्ष) की रिपोर्ट पर देवकुमार भारती के खिलाफ धारा 294, 323, 506बी के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।