दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 11 सितंबर। पूर्व मंत्री एवं विधायक अजय चन्द्राकर के तरीघाट की खोदाई में मिले पासे के ऊपर किये गए ट्वीट पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने पाटन रेस्ट हाउस में रविवार की संध्या पत्रवार्ता के दौरान कहा कि ऐतिहासिकता को जुआ सट्टा से जोडऩा अजय चंद्राकर की छोटी मानसिकता को दर्शाता है।
ज्ञात हो कि पाटन के तरीघाट में खोदाई में मिले पासे की खबर पर ट्वीट किया है कि मुख्यमंत्री को जुआ सट्टा को संरक्षण देने की महारत विरासत में प्राप्त हुई है।
पत्रकारवार्ता में कहा कि पुरातन सभ्यता और संस्कृति को सहेजने के लिए पुरातात्विक महत्व स्थलों की खुदाई की जाती है। इसी तारतम्य में पुरातन तरीघाट में खुदाई के दौरान लगभग ढाई हजार साल पुरानी सामग्री प्राप्त हुई हैं। अब खुदाई में प्राप्त पुरातात्विक वस्तुओं को लेकर अजय चंद्राकर राजनीति कर रहे हैं, यह गलत है।
पुरातात्विक महत्व की वस्तुओं और विरासत को सहेजना और उनसे जन सामान्य को अवगत कराना हमारा दायित्व है। छत्तीसगढ़ का मोहन जोदड़ो कहे जाने वाले तरीघाट पर गर्व करने के बजाय चंद्राकर की उपरोक्त बयानबाजी मौका परस्ती राजनीति का उदाहरण है। पाटन विधानसभा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का गढ़ रहा है। ऐसे में ऐसी बयानबाजी उनकी छोटी मानसिकता को दर्शाता है। इस कृत्य के लिए छत्तीसगढ़ के एक गढ़ पाटन के लोगों से क्षमा मांगें। अन्यथा पाटन में जगह-जगह उनका पुतला दहन किया जाएगा।
पत्रकारवार्ता में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पाटन के अध्यक्ष महेंद्र वर्मा, जिला पंचायत दुर्ग के उपाध्यक्ष अशोक साहू,जिला पंचायत सदस्य मोनू साहू, जिला कांग्रेस महामंत्री रूपेंद्र शुक्ला, दुर्ग जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष उमाकांत चंद्राकर, नगर पंचायत अध्यक्ष पाटन के भूपेंद्र कश्यप, पाटन जनपद पंचायत उपाध्यक्ष देवेंद्र चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य के प्रतिनिधि कमलेश नेताम, ब्लाक कांग्रेस कमेटी जामगाँव आर के अध्यक्ष राजेश ठाकुर, जनपद सदस्य व सभापति दिनेश साहू, जनपद सदसिबरमन टिकरिहा, जनपद सदस्य रूपचंद साहू, सेलूद के जोन प्रभारी सालिक साहू, सेवा सहकारी समिति बतरेल के अध्यक्ष भेष आठे, सोहन जोशी, सरपँच ललित सिन्हा, नीरज सोनी, युवराज साहू, रोहित साहू, गोपाल देवांगन, देवेश चंद्राकर उपस्थित थे।