दुर्ग
सरोज ने कहा सब कुछ जानते हुए मुख्यमंत्री कर रहे हैं विकास पर राजनीति
13 को कांग्रेस का हल्ला-बोल और रेल रोको आंदोलन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 11 सितंबर। बुधवार को मोदी सरकार के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला-बोल और रेल रोको आंदोलन को लेकर छत्तीसगढ़ में राजनीतिक माहौल जमकर गर्म हो चला है। यात्रियों को परेशान करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस छत्तीसगढ़ में 13 सितंबर को रेल रोको आंदोलन कर सीधे तौर पर केंद्र की मोदी सरकार को घेरने के प्रयास में जुट गई है।
कांग्रेस नेताओं का सीधा आरोप है कि मोदी सरकार देश की सबसे विश्वसनीय यात्री सेवा रेलवे सुविधा को समाप्त करने का साजिश रच रही है और जल्द इसे निजी हाथों में सौंपने का षडय़ंत्र किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में बिना कोई कारण बताएं, बिना किसी ठोस वजह के यात्री ट्रेनों को अचानक रद्द कर दिया जाता है। रेलवे द्वारा यात्री ट्रेनों को महीना हफ्तों तक बंद करने का फरमान जारी कर दिया जाता है। वहीं महीना पहले यात्रा की योजना बनाकर रिजर्वेशन कराने वाले नागरिकों की परेशानी से रेलवे को और केंद्र सरकार कोई मतलब नहीं रहता है। रेलवे यात्रियों के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं करती है। देश की आजादी के बाद ऐसी स्थिति केवल मोदी सरकार में आई है।
कल मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दुर्ग में यादव समाज के कार्यक्रम के बाद मीडिया से चर्चा में केंद्र सरकार पर रेल्वे के माध्यम से निशाना साधते हुए कहा कि जब देखो तब छत्तीसगढ़ में यात्री ट्रेन बंद कर दी जा रही है, रेल से यहां सिर्फ कोयला ढुलाई का काम हो रहा है, यात्रियों को कोई सुविधा नहीं मिल रही क्योंकि सारी ट्रेन रद्द कर दी जा रही हैं। पैसेंजर ट्रेन में भी एक्सप्रेस का किराया ले रहे हैं। रेल के नाम पर नागरिक सुविधा शून्य और बद् से बद्तर होती जा रही है इसलिए 13 तारीख को कांग्रेस पार्टी रेल आंदोलन करने जा रही है।
कांग्रेस के रेल आंदोलन को लेकर भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय ने कहा कि जब-जब चुनाव नजदीक आता है, कांग्रेस इसी प्रकार के काम करती है। प्रधानमंत्री जो विकास पैकेज छत्तीसगढ़ को देते हैं, उस पर कभी कांग्रेस उनका धन्यवाद नहीं करती। राजनीति करने के लिए बहुत फील्ड पड़ा है लेकिन विकास पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। छत्तीसगढ़ में रेल रोको आंदोलन की जहां तक बात है, तो मुख्यमंत्री बहुत देर से सचेत हुए हैं, अगर मुख्यमंत्री ने इस आंदोलन के शुरूआत करने की बात कही है तो यह दुर्भाग्यजनक स्थिति है, छत्तीसगढ़ में जो समस्याएं हैं वो मुख्यमंत्री को पता है और उन्होंने चर्चा भी की है, वो अब इस पर राजनीति कर रहे हैं।