दुर्ग

बारिश से दुकानों में भरा पानी, निकासी व्यवस्था न होने से वापस लौटी निगम टीम
07-Sep-2023 3:29 PM
बारिश से दुकानों में भरा पानी, निकासी व्यवस्था न होने से वापस लौटी निगम टीम

व्यापारियों ने कहा निगम बनाए व्यवस्था

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 7 सितंबर।
सुपेला आकाशगंगा में सुबह हुई झमाझम ने मार्केट को बदहाल कर दिया। पानी निकासी की व्यवस्था न हो पाने से शिकायत बाद पहुंची निगम की टीम भी बैरंग लौट गई।

दरअसल सुपेला रेल्वे क्रासिंग पर अंडर ब्रिज निर्माण के चलते आकाशगंगा से पानी निकासी के लिए रेल लाईन के समीप बना नाला बंद है इस वजह से आकाशगंगा से पानी निकासी का कोई अन्य उपाय फिलहाल नहीं होने से सडक़, गार्डन में भरा पानी दुकानों तक पहुंच गया। सुबह कई दुकानें बंद थी। जब व्यवसायी पहुंचे तो देखा कि पानी दुकान के भीतर घुस गया है। तत्काल शिकायत मिलते ही निगम टीम मौके पर पहुंची लेकिन पानी निकासी व्यवस्था न होने से जल्द वैकल्पिक व्यवस्था का आश्वासन दे निगम दस्ता भी लौट गया। 

पानी भरा होने की वजह से आकाशगंगा प्रेस काम्प्लेक्स के नीचे बनी दुकानें नहीं खोली जा सकी हैं क्योंकि सडक़ पर पानी जमा है और दुकान के बरामदे तक घुटने भर पानी भर गया है। 
कई व्यापारियों की शिकायत है कि दुकान में रखा सामान भी खराब हुआ है। दुकानदारों का कहना है कि निगम द्वारा कोई ठोस उपाय न किए जाने की वजह से यह समस्या बनी है।


अन्य पोस्ट