दुर्ग

रकम व मोबाइल लूट, 2 गिरफ्तार, एक फरार
06-Sep-2023 3:41 PM
रकम व मोबाइल लूट, 2 गिरफ्तार, एक फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 6 सितंबर। उधारी की रकम वापस  करने की बात को लेकर मारपीट कर लूट की घटना को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तीन आरोपियों ने प्रार्थी के साथ राड, चाकू आदि से मारपीट की। इससे प्रार्थी बेहोश हो गया था। आसपास के लोगों ने 108 वाहन की मदद से घायल को जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती किया था।

जानकारी के मुताबिक केलाबाड़ी वार्ड नंबर 41 निवासी नईम बख्श रायपुर रोडवेज बस में कंडक्टरी का कार्य करता है। 1 सितंबर की सुबह 8 बजे वह बस स्टैंड जाने के लिए घर से निकला था, इसी दौरान आरोपी बाबा राजपूत उर्फ कोढ़ी, शाहरुख एवं राहुल ने उसे फोन करके हरनाबांधा मुक्तिधाम के पास बुलाया। जब नईम ई रिक्शा से वहां पहुंचा। वहां तीनों आरोपी शराब के नशे में थे। उन्होंने नईम बख्श को देखकर कहा कि उधारी की रकम 3500 रुपए कब वापस कर रहा है।

जब प्रार्थी ने कहा कि अभी उसके पास रकम नहीं है वह जल्द ही रकम वापस कर देगा। इससे तीनों आरोपी गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ राड, चाकू एवं फर्श के टुकड़े से मारपीट किये, इससे नईम बख्श के कंधे, हाथ, पैर, सिर में चोटे आई। इसके बाद आरोपियों ने उसका मोबाइल एवं 1200 रुपए लूट लिये।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से भाग निकले। चोट लगने से नईम बख्श घटनास्थल पर ही बेहोश हो गया। आसपास के लोगों ने 108 वाहन की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया जहां उसे इलाज के लिए भर्ती किया गया है।

कोतवाली थाना प्रभारी महेश ध्रुव ने बताया कि आरोपी बाबा राजपूत उर्फ कोढ़ी तथा राहुल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है, जहां से उन्हें जेल दाखिला किया गया है। दोनों आरोपियों के पास से 400-400 रुपए जब्त किए गए हैं, वहीं आरोपियों ने बताया कि फरार आरोपी शाहरुख के पास 400 रुपए एवं लूट का मोबाइल है। पुलिस की टीम फरार आरोपी शाहरुख की तलाश में लगी हुई है।


अन्य पोस्ट