दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 6 सितंबर। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के दो दुकानों में चोरी की घटना को अंजाम देने वाले दो आरोपियों एवं नाबालिग को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से हजारों रुपए कीमत का इलेक्ट्रॉनिक सामान, चार्जर, मोबाइल, कॉस्मेटिक सामान आदि जब्त किया है। आरोपियों के विरुद्ध थाना जामगांव आर एवं थाना उतई मे कार्रवाई की जा रही है।
थाना जामगांव आर में सौम्या किराना स्टोर्स के संचालक प्रार्थी सुभाष चंद्र चंद्राकर निवासी ग्राम जामगांव आर ने 3 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई कि 2 सितंबर की रात लगभग 90 बजे वह दुकान बंद कर घर चला गया था। 3 सितंबर की सुबह 7 बजे जब वह दुकान जाकर देखा तो दुकान के शटर का ताला टूटा हुआ था एवं शटर एक तरफ उठा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो दुकान का सामान बिखरा हुआ था।
विभिन्न कंपनियों के कॉस्मेटिक सामान नहीं थे। जिसे अज्ञात आरोपी चोरी कर ले गया था। इसी तरह 3 सितंबर को प्रार्थी प्रवीण कुमार बंजारे निवासी ग्राम आमालोरी ने थाना उतई में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह प्रवीण मोबाइल के नाम से दुकान संचालित करता है। 3 सितंबर की सुबह 10 बजे वह दुकान पहुंचा तो देखा शटर का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाकर देखा तो दुकान का सामान बिखरा हुआ था। विभिन्न कंपनियों के पांच नग मोबाइल, एयर फोन, चार्जर, तथा गल्ले में रखे 1000 रुपए गायब थे।
शिकायत दर्ज करने के बाद पुलिस की टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर दुकानों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा के फुटेज को खंगाला। तीन संदिग्धों को चिन्हित करने के बाद फुटेज के आधार पर विशेष सूत्र लगाकर उनकी पतासाजी की गई । आरोपियों की पहचान होने पर पुलिस ने जलालुद्दीन उर्फ गट्टू पठान 26 वर्ष पिता जैनुद्दीन निवासी ग्राम बघेरा तथा पंकज साहू 22 वर्ष पिता धनंजय साहू निवासी ग्राम कोटनी थाना पुलगांव एवं एक अपचारी बालक को गिरफ्तार किया।