दुर्ग

विद्या ही मानव सभ्यता का मार्ग प्रशस्त करती है-सुरेन्द्र
06-Sep-2023 3:09 PM
विद्या ही मानव सभ्यता का मार्ग प्रशस्त करती है-सुरेन्द्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 6 सितंबर। स्वतंत्र भारत के शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस के अवसर पर शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला इंदिरा नगर चिखली में शिक्षक दिवस का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर शालेय परिवार के सर्वप्रथम डॉ. राधाकृष्णन के तैलचित्र पर तिलक लगाकर तथा पुष्पमाला अर्पित कर उनका स्मरण किया गया। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला इंदिरा नगर चिखली के प्रधान पाठक सुरेन्द्र कुमार स्वर्णकार द्वारा शिक्षा और शिक्षकों के महत्त्व पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने कहा, विद्या ही मानव सभ्यता का मार्ग प्रशस्त करती है और विद्यादाता इस मार्ग की ओर हमें अग्रसर करता है।

एस.बी.आई. लाइफ इंश्योरेंस की ओर से सुपेला, भिलाई के शाखा प्रबंधन श्रीकांत पाण्डेय द्वारा समस्त शिक्षकों और डी.एड. तथा बी.एड. के प्रशिक्षणार्थियों का प्रशस्तिपत्र और श्रीफल देकर सम्मान किया गया। उनके साथ शाखा से निशाजी भी साथ थीं।

इस अवसर पर शासकीय प्राथमिक शाला इंदिरा नगर चिखली से दिनेश कुमार शर्मा, तारिणी शर्मा, रतिदास सिरमौर तथा पूर्व माध्यमिक से ललिता भोई, मिथलेश्वरी साहू शिक्षक उपस्थित रहे। समुदाय से शिक्षा सारथी के रूप में शाला संचालन में सहयोग करने वाली शारदा यादव और ज्योति के साथ डी.एड. से साक्षी राजपूत, सपना तिवारी, दिशा राजपूत, साधना साहू, दिव्यांशु साहू तथा बी.एड. से भाग्यश्री साहू, तृष्णा यादव और नितेश देवांगन जी भी उपस्थित रहे।

समुदाय द्वारा भी इस आयोजन में अपनी गौरवपूर्ण उपस्थिति प्रदान की गयी तथा लालमन यादव (पूर्व उपसरपंच), नोमेश साहू (उपसरपंच), रामनारायण निषाद (अध्यक्ष, पूर्व माध्यमिक शाला प्रबंधन समिति), संतोष यादव (अध्यक्ष, प्राथमिक शाला प्रबंधन समिति) आदि ने सहभागिता देकर शिक्षकों का सम्मान किया।

आभार प्रदर्शन दिनेश कुमार शर्मा सहायक शिक्षक द्वारा किया गया। इस मौके पर पूर्व माध्यमिक के शिक्षक और चिखली संकुल स्त्रोत केंद्र के समन्वयक अनुपम अग्रवाल भी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट