दुर्ग

रामायण पाठ करने तीसरे दिन डेढ़ हजार से ज्यादा भक्त हुए शामिल, सीता स्वयंवर प्रसंग पर भी झूमे भक्त
04-Sep-2023 3:04 PM
रामायण पाठ करने तीसरे दिन डेढ़ हजार से ज्यादा भक्त हुए शामिल, सीता स्वयंवर प्रसंग पर भी झूमे भक्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 4 सितंबर। कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव के लिए प्रसिद्ध राधाकृष्ण मंदिर महेश कॉलोनी में   नवधा पारायण रामायण पाठ और विष्णु महायज्ञ के तीसरे दिन करीब 1500 से अधिक श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से रामायण पाठ किया।

जोधपुर के पं. गोपाल आसोपा और पं. सुशील आसोपा श्रद्धालुओं को नवधा रामायण का सामूहिक पाठ करवाया। भक्तों ने बालकांड की चौपाइयों का पाठ किया।

इस अवसर पर भगवान श्रीराम के भजनों की प्रस्तुति पर भक्त भावविभोर होकर झूमते रहे। दोपहर 3 बजे से शुरू हुआ रामायण पाठ रात करीब 8 बजे तक चलता रहा। आखिर में रामायण जी की आरती की गई।

मंदिर समिति के प्रमुख चतुर्भुज राठी ने बताया कि रामायण पाठ के बीच सीता स्वयंवर भी मनाया गया। आयोजन समिति के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न समाज के लोगों ने महाआरती की। सभी को भोग प्रसाद बांटा गया। रामायण पाठ रोजाना दोपहर 2.30 बजे से 6.30 बजे तक जारी है।

विष्णु महायज्ञ आचार्य पं. पवन द्विवेदी के सानिध्य में हो रहा है। रविवार को को महायज्ञ में यजमानों के साथ ही भक्त भी शामिल हुए। सभी ने महायज्ञ की परिक्रमा की। आयोजन समिति ने ज्यादा से ज्यादा धर्मप्रेमियों से रामायण पाठ में उपस्थिति की अपील की है।

रविवार को साहू समाज उरला, कसौंधन वैश्य समाज, राजपूत क्षत्रिय समाज, अग्रहरि वैश्य समाज, माहेश्वरी महिला मंडल रायपुर, महिला ब्राह्मण समाज भाटापारा के सदस्य विशेष रूप से शामिल हुए।

राधाकृष्ण मंदिर के सदस्य हेमंत टावरी, रवि राठी, जितेश राठी, राधेश्याम चांडक, दीपक चोपड़ा, मुकेश राठी सहित अन्य सदस्य आयोजन में उत्साह से सेवा दे रहे हैं।


अन्य पोस्ट