दुर्ग

पुलगांव अंडा रोड में पीसेगांव मार्ग के पास डिवाईडर से रोड पार करने नहीं छोड़ा रास्ता
03-Sep-2023 3:05 PM
पुलगांव अंडा रोड में पीसेगांव मार्ग के पास डिवाईडर से रोड पार करने नहीं छोड़ा रास्ता

पीसेगांव के 3 हजार से अधिक आबादी को हो रही असुविधा, ज्ञापन सौंपा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 3 सितंबर। पुलगांव -अंडा रोड में पीसेगांव पहुंच मार्ग के पास डिवाईडर से  रास्ता (कटिंग) नहीं छोड़ा जा रहा है ऐसा कर पीसेगांव के 3 हजार से अधिक आबादी को होने वाली असुविधाओं को नजरअंदाज किया जा रहा है, इससे  ग्रामीण व जनप्रतिनिधि में रोष है। ग्रामवासियों ने जनपद सदस्य ज्ञानेश्वर मिश्रा के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा है।

 श्री मिश्रा ने बताया कि निर्माणाधीन पुलगांव से अण्डा रोड  पी.डब्लू.डी. द्वारा बनाया जा रहा है। उक्त सडक़ में डिवाईडर बनाया जा रहा है। पीसे गांव पहुंच मार्ग के पास भी वाहन रोड पार करने डिवाईडर में कटिंग की आवश्यकता है जहां डिवाईडर से 20 फीट का पीसे गाँव जाने हेतु  रास्ता छोडऩे से ग्रामीणों को होने वाली असुविधाओं से राहत मिलेगी। यदि डिवाईडर से पीसे गांव जाने वाले मार्ग के पास 20 फीट का कटिंग नहीं छोड़ा गया तब  बस व पैदल यात्रियों को 500 मीटर पैदल चलकर आना जाना पड़ेगा, साथ ही दो पहिया व चार पहिया वाहनों को भी असुविधा होगी।

डिवाईडर पर रोड पार करने कटिंग नहीं छोडऩे पर चक्काजाम की चेतावनी

उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में रांग साइड से आवागमन करने पर दुर्घटना की संभावना बनी रहेगी  जो ग्रामीणों के हित में नहीं है यदि पीसेगांव मार्ग के पास डिवाईडर पर 20 से 30 फीट की कटिंग नहीं छोड़ी जाती तो 7 दिवस पश्चात ग्रामीणों द्वारा कोल्हिापुरी, पिसेगांव मोंड में हजारों की संख्या में चक्काजाम किया जाएगा, जिसका जिम्मेदार सडक़ निर्माण कर्ता ठेकेदार व  एस.डी.ओ. (सकड़ प्रभारी) होगा।

ग्रामीणों की हित के बजाय व्यापारियों

की सुविधाओं का ध्यान

 श्री मिश्रा ने कहा कि एक ओर पीसेगांव के तीन हजार से अधिक ग्रामीणों एवं ठाकुर होटल से पीसेगांव होकर प्रतिदिन आने जाने वाले लोगों की हित को नजर अंदाज किया जा रहा है  वहीं दूसरी ओर बड़े व्यापारीयों को आने जाने की सुविधाओं हेतु रोड पार करने जगह जगह डिवाईडर में कटिंग छोड़ा गया है। जिसे लेकर अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उन्होंने इसकी भी जांच किए जाने मांग की है।

पीसेगांव मार्ग के पास डिवाईडर में कटिंग की मांग करने वालों में पीसे गांव सरपंच गुलाब बाई, कोलिहापुरी सरपंच ज्वाला देशमुख, रमाकांत देशमुख, सोमेश पुरुषोत्तम सहित अनेक लोग शामिल है।


अन्य पोस्ट