दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 3 सितंबर। ओबीसी संयोजन समिति राजनीतिक दलों के समक्ष यह मांग रख रही है कि ओबीसी के मुद्दे घोषणा पत्र में शामिल किया जाए। समिति के पदाधिकारियों ने इसी क्रम में सांसद विजय बघेल से मुलाकात कर अपनी बात रखी।
समिति के पदाधिकारियों ने मुलाकात के दौरान ओबीसी वर्ग के प्रमुख 7 मुद्दों को लेकर उनसे विस्तार से चर्चा की, साथ ही छत्तीसगढ़ भाजपा की चुनावी घोषणा पत्र में प्रमुखता से इन मुद्दों जगह देने की बात रखी। उनका कहना है कि सांसद विजय बघेल ने इसे सहर्ष स्वीकार करते हुए उनके द्वारा रखे गए ओबीसी से जुड़े मुद्दों को घोषणा पत्र में शामिल करने आश्वासन दिए।
ओबीसी वर्ग की ये है प्रमुख मांगे
उन्होंने मांग की कि सभी क्षेत्रों में न्यायपालिका विधायिका कार्यपालिका व्यापार उद्योग शिक्षा नौकरी पदोन्नति निजी एवं सभी सार्वजनिक क्षेत्र में ओ.बी.सी. को भी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं सामान्य वर्ग की तरह ही जनसंख्या के अनुपात में समान हिस्सेदारी दिया जाए।
अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति की तरह ही अन्य पिछड़ा वर्ग को भी ओबीसी सुरक्षा अधिनियम लागू कर समाजिक सुरक्षा मिले मंडल कमीशन की सभी सिफारिश को तत्काल प्रभाव से लागू किया जावे ओ.बी.सी. का भी जातिवार जनगणना हो क्रीमीलेयर एवं निजीकरण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जावे। बैक डोर भर्ती पर तत्काल रोक लगे और यदि आवश्यक हो तो बैक डोर भर्ती में भी ओ.बी.सी.को जनसंख्या के अनुपात में हिस्सेदारी दिया जावे अनुसूचित जनजाति क्षेत्र में निवासरत ओ.बी.सी. के लोगों को भी पांचवी अनुसूची में शामिल कर पेसा कानून के दायरे में लाई जाए।
इस दौरान ओबीसी संयोजन समिति के दुर्ग जिला अध्यक्ष हरीश यादव , राष्ट्रीय प्रचारक टिकेश्वर साहू के साथ ही दुर्ग जिला प्रचारक युवराज सिंह , अंकालू राम साहू , संभागीय प्रभारी एस एल साहू ,बालोद जिला अध्यक्ष बलदू राम साहू , आनंद राम यादव , मनोहर देवांगन , भोज राम साहू ,बुधारू राम साहू चेतन लाल साहू,रुस्तम साहू मौजूद रहे।