दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 2 सितंबर। हेमचंद यादव विवि, दुर्ग द्वारा छत्तीसगढ़ के राज्यगीत ’’अरपा पैरी के धार के विष्लेषण एवं महत्व’’ विषय पर विवि स्तरीय अंर्तमहाविद्यालयीन वीडियो बनाओं प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इस संबंध में प्रत्येक महाविद्यालय से अधिकतम 05 नियमित विद्यार्थियों द्वारा 04 मिनट अवधि के वीडियो बनाकर विवि के ईमेल आई डी पर दिनांक 10.09.2023 तक भेजना है।
यह जानकारी देते हुए विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि इस प्रतियोगिता हेतु विवि की माननीय कुलपति द्वारा गठित निर्णायक समिति विवि में प्राप्त वीडियो का मूल्यांकन करेगी तथा श्रेष्ठ 05 वीडियो को चयनित करेगी। इन चयनित 05 प्रतिभागियों को विवि के टैगोर सभागार में स्वयं भौतिक रूप से उपस्थित होकर पावर प्वाइंट प्रस्तुतिकरण उपरोक्त विषय पर देना होगा। प्रस्तुतिकरण की तिथि 14 सितंबर 2023 (हिन्दी दिवस) होगी। सर्वश्रेष्ठ 05 प्रस्तुतकर्ताओं को विवि द्वारा पुरस्कृत किया जायेगा।
वीडियो निर्माण के दौरान प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को उपरोक्त विषय पर स्वयं 04 मिनट की अवधि के अंतर्गत स्वयं विचार प्रस्तुत करना है तथा वीडियो के प्रारंभ में अपना नाम, कक्षा का नाम, विषय तथा महाविद्यालय का नाम एवं मोबाईल नंबर प्रतिभागी विद्यार्थी द्वारा प्रदर्षित किया जाना अनिवार्य है।
इस जानकारी के अभाव में प्रविष्टि स्वीकार नहीं की जायेगी। डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप हिन्दी दिवस के अवसर पर विवि में स्थापित ’’नरेन्द्र देव वर्मा शोधपीठ’’ का उद्घाटन समारोह भी आयोजित होगा।
इस समारोह में प्रसिद्ध साहित्यकार परदेशी राम वर्मा छत्तीसगढ़ के राज्यगीत के महत्व पर विस्तार से प्रकाष डालेंगे।
विवि द्वारा अभी डीसीडीसी, डॉ. प्रीता लाल को ’’नरेन्द्र देव वर्मा शोधपीठ’’ का प्रभारी अधिकारी का दायित्व सौंपा गया है।