दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 1 सितंबर। पीडब्ल्यूडी ऑफिस के पार्किंग से शिक्षक के पद पर कार्यरत प्रार्थी की मोटरसाइकिल की चोरी अज्ञात आरोपी ने कर ली। प्रार्थी की शिकायत पर पदमनाभपुर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 379 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिस के मुताबिक सिकोला भाटा निवासी बाबूलाल कुर्रे शासकीय प्राथमिक शाला छपराभाट थाना देवरी जिला बालोद में सहायक शिक्षक के पद पर पदस्थ है। वह प्रतिदिन अपनी मोटरसाइकिल हीरो होंडा स्प्लेंडर क्रमांक सीजी 07 ए एल 4361 को सिकोलाभाटा से आकर बस स्टैंड के पास स्थित पीडब्ल्यूडी ऑफिस के पार्किंग में खड़ी कर देता था और उसके बाद वह खपराभाट स्कूल के लिए बस से जाता था। 28 अगस्त को भी प्रतिदिन की तरह उसने सुबह 8:00 बजे अपनी मोटरसाइकिल को पीडब्ल्यूडी ऑफिस के पार्किंग में खड़ी किया था। जब वह शाम को ड्यूटी से वापस लौटा तो देखा उसकी मोटरसाइकिल गायब थी।
चोरी गए मोटरसाइकिल की कीमत लगभग 60000 रुपए आंकी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।