दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाईनगर, 30 अगस्त। नगर निगम भिलाई -चरोदा प्रशासन ने आवारा घूमते पशुओ को पकडऩे की कवायद को तेज कर दिया है। दिन और रात दोनों ही समय दल बल के साथ निगम अमले के द्वारा काउ कैचिंग का कार्य किया जा रहा है ।
निगम कमिश्नर अजय त्रिपाठी द्वारा इस संबंध में कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारियों को विगत दिनों फटकार लगाई गई है। क्षेत्र का दौरा करते समय रात पर रोड (मुख्य मार्ग) पर झुंड लगाकर खड़े हुए जानवरों को देखकर निगम कमिश्नर ने कड़ी कार्यवाही करने निर्देशित किया है।
विशेषकर अब निगम द्वारा डेयरी संचालकों के विरूद्ध भी कार्यवाही की जाएगी जिनके द्वारा मवेशियों को रात में सडक़ पर खुला छोड दिये जाने से यातायात व्यवस्था बाधित होती है तथा दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है ।
निगम स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों द्वारा रात्रिकालीन सडक़ से आवारा मवेशियों को हांककर सुरक्षित स्थान (पालिका बाजार के पीछे) रखा गया तथा दूसरे दिन इन जानवरों को गौठान में शिफ्ट करने कार्यवाही की गई है।