दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 30 अगस्त। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में बिहार से पहुंचे प्रवासी विधायक प्रमोद कुमार ने दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में व्याप्त जन समस्याओं की अनदेखी, बेतहाशा भ्रष्टाचार, विकास कार्यों में गुणवत्ताहीनता, लचर कानून व्यवस्था का आरोप लगाया है।
उन्होंने जिला भाजपा कार्यालय में मीडिया से चर्चा में मंगलवार को प्रदेश के गृहमंत्री एवं दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के विधायक ताम्रध्वज साहू के कार्यों पर सवाल उठाते हुए कहा कि दुर्ग ग्रामीण विधायक जनआकांक्षाओं के साथ खिलवाड़ करने वाले विधायक साबित हुए है। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा में समस्याओं का अंबार लगा हुआ है, लेकिन जनसमस्याओं के निराकरण से ज्यादा वे कमीशनखोरी की प्रथा को निभाते हुए कांग्रेसी ठेकेदारों की भलाई में लगे रहते हैं।वे ऐसे गृह मंत्री है जो अपने खुद के विधानसभा क्षेत्र में कानून व्यवस्था को नहीं संभाल पा रहे हैं, पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था का हाल क्या होगा इसका खुद ही अंदाजा लगाया जा सकता है। बिहार के विधायक प्रमोद कुमार ने रिसाली नगर निगम की समस्याओं की चर्चा करते हुए कहा कि रिसाली के सभी 40 वार्डों में सफाई व्यवस्था ठप होने के कारण मच्छर पनप रहे हैं, जगह-जगह बीमारियां फैल रही है। रिसाली नगर निगम में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी चरम सीमा पर पहुंच गई है।
मीडिया से चर्चा के दौरान पूर्व मंत्री रमशीला साहू, जागेश्वर साहू, जिला भाजपा महामंत्री ललित चंद्राकर एवं दुर्ग ग्रामीण विधानसभा के भाजपा नेता मौजूद रहे।