दुर्ग

गैस कटर से काटकर दो एटीएम से कैश पार, चोरी के बाद एटीएम को जलाया
28-Aug-2023 4:14 PM
गैस कटर से काटकर दो एटीएम से कैश पार, चोरी के बाद एटीएम को जलाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 28 अगस्त। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात भिलाई में एक साथ दो एटीएम को काटकर उसके अंदर से लाखों का कैश पार कर दिया गया। कैश चोरी करने के बाद आरोपियों ने एटीएम को आग के हवाले कर दिया। दुर्ग पुलिस आरोपियों को पकडऩे में जुट गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

भिलाई नगर थाना अंतर्गत हुडको वार्ड 70 में बीती रात एसबीआई के दो अलग-अलग एटीएम में चोरी की वारदात हुई। यहां के वार्ड पार्षद सीजू एंथोनी ने बताया कि पहली घटना शनिवार-रविवार देर रात 1 बजे के करीब मिलन चौक स्थित एटीएम में हुई। उसके बाद दूसरी घटना वहां से 200 मीटर दूर दशहरा मैदान ग्राउंड स्थित एसबीआई के एटीएम में दो से ढाई बजे के बीच हुई है। घटना को अंजाम देने वाले आरोपी तीन से चार लोग हैं। वो लोग अपने साथ गैस कटर लेकर आए थे।

उन्होंने पहले स्विच निकाल कर एटीएम की इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई को बंद कर दिया। उसके बाद अंदर जाकर गैस कटर से एटीएम को काटा। सारा कैश निकालने के बाद एटीएम को आग के हवाले कर दिया। इसी तरह उन्होंने दूसरे एटीएम में घटना को अंजाम दिया है। आग से दोनों एटीएम के एसी भी जल गए हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

धुंआ देखकर जागे मकान मालिक, पुलिस को दी सूचना

एटीएम जिस मकान के नीचे लगा था उसके मकान मालिक ने सबसे पहले घटना को देखा। उन्होंने देखा कि एटीएम से धुंआ निकल रहा है। पास जाकर देखा तो वहां आग लगी थी। उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि एटीएम का सारा कैश पार हो चुका है। पुलिस को मिलन चौक वाले एटीएम के सामने स्थित मकान के सीसीटीवी फुटेज में आरोपियों के फुटेज मिले हैं।

एसपी ने चौकी तो बना दी, लेकिन सिपाही की तैनाती नहीं

तत्कालीन दुर्ग एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने अपने समय में जगह-जगह पुलिस चौकी बनवाई थी। चौकी तो बना दी, लेकिन वहां पुलिस की ड्यूटी नहीं लगाई गई। यदि हुडको में बनी चौकी में पुलिस कर्मी की तैनाती होती तो इतनी बड़ी वारदात नहीं होती। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुलिस बल की कमी के चलते वो जवान नहीं लगा पाए हैं।

एटीएम में गार्ड रखने की कही जा रही बात

एसबीआई की तरफ से दोनों ही एटीएम में रात के समय गार्ड की तैनाती नहीं की गई थी। इससे चोरों को वारदात को अंजाम देने में और आसानी हुई। भिलाई नगर टीआई ने बताया कि एसबीआई को कहा गया है कि वो एटीएम में रात के समय गार्ड की तैनाती करें।

एटीएम में कितना कैश था इसकी जानकारी तो एसबीआई के अधिकारियों ने अभी नहीं दी। उनका कहना है कि संडे या त्यौहार के समय वो लोग एक एटीएम में 15-20 लाख रुपए तक कैश डालते हैं। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि चोरों ने दोनों को मिलाकर 30-40 लाख रुपए की चोरी की है।


अन्य पोस्ट