दुर्ग
डेंगू उन्मूलन का सघन अभियान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 27 अगस्त । डेंगू प्रभावित सेक्टर 2 के मकानों की दूसरी बार जाँच में डेंगू के लार्वा पाये जाने पर निगम एवं बीएसपी की संयुक्त टीम ने दो व्यवसायिक प्रतिष्ठान तथा तीन मकान के मालिकों पर अर्थदण्ड लगाया।
भिलाई नगर निगम आयुक्त रोहित व्यास के निर्देश पर नगर निगम एवं भिलाई इस्पात संयंत्र की गठित संयुक्त टीम ने सेक्टर 2 के डेंगू प्रभावित क्षेत्रों में सघन अभियान चलाकर डेंगू के उन्मूलन के लिए लगातार कार्य कर रही है। जिन घरों में दूसरी बार जांच में लार्वा पाये गये हैं, ऐसे सेक्टर 2 मार्केट के व्यवसायी शुभम डेकोरेशन, दादा वेल्डिंग के साथ ही मकान मालिक अमित कापसे, संजय कौशिक, एम सुरेश, आर. राजू पर दण्ड अधिरोपित करते हुए पाँच हजार रूपये का जुर्माना राशि वसूली कर मकान मालिकों को डेंगू के लार्वे को खत्म करने की सलाह दी एवं टेमिफास का वितरण किये।
ज्ञात हो कि गत दिनो राज्य शासन एवं जिला प्रशासन के स्वास्थ्य प्रतिनिधियों के साथ निगम आयुक्त श्री व्यास सेक्टर 2 के डेंगू प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर आवश्यक निर्देश दिये थे। जिसके तहत यह भी निर्देश था कि दूसरी बार जांच में जिस मकान में डेंगू के लार्वे पाये जाते है, ऐसे मकान के मालिकों से अर्थदण्ड की वसूली की जाये।
निगम का स्वास्थ्य अमला भिलाई इस्पात संयंत्र के जन स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ शुक्रवार को सडक़ 5, 12, 13, 14 एवं 15 के लगभग 100 मकान का फिर से सघन जाँच कर घर के चार दिवारी के भीतर रखे कबाड़ की वस्तू, पुराने टायर, गमले, कूलर तथा फ्रीज का डिफ्रॉस पात्र की जांच की और 6 स्थानों पर डेंगू के लार्वा पाये जाने पर जुर्माना लगाया गया।
लोगों को टेमिफास का वितरण कर साफ-सफाई रखने वर्षा जल को जमा न होने देने, मच्छर से बचाव के लिए मच्छरदानी का उपयोग करने की सलाह दी। ज्ञात हो कि आयुक्त के निर्देश के बाद नगर निगम की टीम क्वाकोथरिन के धुआँ का छिडक़ाव सुबह एवं सायं को बताये गये समय पर सेक्टर 02 के सडक़ों में कर रहे है। जिससे एडल्ट मच्छर का उन्मूलन हो सके।
टीम में निगम के आर.पी. तिवारी, व्ही.के.सेमुवल, अंजनी सिंह, बी.एस.पी.के गोपाल कृष्ण वर्मा, अशोक चंद्राकर, शरद सहित निगम एवं बीएसपी के स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।