दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 27 अगस्त। दल्ली राजहरा से आयरन परिवहन करने वाले भारी मालवाहक मालिकों की शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक यातायात एवं परिवहन विभाग द्वारा एक मीटिंग ली गई।
इसमें वाहन मालिक को को अंडा से ग्रामीण मार्ग फुण्डा, सेलुद उतई, गाडाड़ीह होते पाटन, मार्ग से आयरन परिवहन न करने के लिए कहा गया। जिसमें वाहन मालिकों ने उक्त मार्ग पर परिवहन नहीं करने की सहमति प्रदान की।
उप पुलिस अधीक्षक यातायात सतीश ठाकुर एवं परिवहन विभाग के निरीक्षक विष्णु ठाकुर के द्वारा दल्ली राजहरा परिवहन संघ के वाहन मालिकों की मीटिंग यातायात मुख्यालय नेहरू नगर में ली गई।
मीटिंग के दौरान उप पुलिस अधीक्षक यातायात द्वारा वाहन मालिकों को उक्त ग्रामीण मार्ग पर भारी वाहन न चलाने के लिए कहा गया।
श्री ठाकुर ने वाहन मालिकों को बताया कि ग्रामीण क्षेत्र होने के कारण किसी भी समय गंभीर सडक़ दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
वाहन मालिकों को अपने-अपने वाहन चालकों को शराब पीकर वाहन न चलाने, भीड़भाड़ एवं स्कूल क्षेत्र के पास वाहन धीरे चलाने, तेज रफ्तार व लापरवाही पूर्वक वाहन न चलाने, हेल्पर को वाहन ना चलाने देने आदि की समझाईश दी गई।
इस मीटिंग में परिवहन निरीक्षक विष्णु ठाकुर, यातायात प्रभारी सिविक सेंटर निरीक्षक कुंज बिहारी नागे, यातायात प्रभारी दुर्ग निरीक्षक यशकरण ध्रुव एवं दल्ली राजहरा परिवहन संघ के विक्रमजीत सिंह, इंद्रजीत सिंह, नरेंद्र सिंह, गुरमेल सिंह रंधावा, कुलदीप सिंह, संदीप साहा आदि उपस्थित रहे।