दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 25 अगस्त। दुर्ग के मुख्यमार्ग में बड़े बड़े गड्ढों को लेकर युवा मोर्चा के प्रदेश सहकोषाध्यक्ष नितेश साहू के नेतृत्व में युवाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का ढंग भी बड़ा अनोखा था युवाओं ने गड्ढों के पास खड़े होकर बैंड बजवा कर लोगों का ध्यान गड्ढों की ओर आकर्षित कर विधायक अरूण वोरा को निशाना बनाया और विधायक अरूण वोरा फैल के नारे लगाए।
नितेश साहू ने विधायक अरूण वोरा पर आरोप लगाते हुए कहा कि अरूण वोरा के नेतृत्व में दुर्ग शहर अब गांव में तब्दील हो गया है शहर के सभी मुख्य मार्ग गड्ढों से भरा पड़ा है सिर्फ उन गड्ढों में लीपा-पोती का काम किया जा रहा है। महापौर का खुद का कोई वजूद नहीं है वो खुद का कोई निर्णय लेने में सक्षम नहीं है, विधायक के इशारों पे चलते है। इसलिए दुर्ग की दुर्दशा हुई है।
सडक़ निर्माण में केवल भ्रष्टाचार हुआ है शहर की लगभग सडक़ पानी में बह गई है। निगम उसमें मिट्टी भर के लीपा पोती का काम कर रही है। तालाबों की स्थिति भी बुरी है जिसके लिए युवा मोर्चा ने पहले ज्ञापन सौंपा था, फिर भी कोई कार्य नहीं हुआ।
युवाओं ने निगम कार्यालय मुख्य गेट पर ग्राम पंचायत कार्यालय का बोर्ड लगा दिया और कहा कि सडक़ पानी और तालाबों की स्थिति को देखते हुए अब दुर्ग ग्राम पंचायत बन गया है। इंदिरा मार्केट में उचित पार्किंग नही होने के कारण दुर्ग के व्यवसायियों का व्यापार भी आधा हो गया है। ग्राहक भिलाई का रुख कर रहे हैं।
इस अवसर में प्रदर्शन करने वालों में मुख्य रूप से जिला भाजपा के उपाध्यक्ष कांति लाल जैन वरिष्ठ भाजपा नेता रजा खोखर जिला मंत्री मनोज मिश्रा युवा मोर्चा नेता नितेश साहू, राहुल दीवान,अमित पटेल, बंटी चौहान,चंद्रकांत साहू, राहुल पाटिल, बंटी देशमुख, हिमांशु सिंग, दीपक सिन्हा,प्रेम साहू, चंदन साहू, फलेंद्र यादव,निरंजन दुबे, अभिषेक साहू, अब्दुल भाई, चुनमुन जैन, ईशु, हनी भंडारी सहित सैकड़ों युवा उपस्तिथ थे।