दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 25 अगस्त। नेहरू नगर चौक में केंद्र सरकार की विपक्ष को दबाने की मुहिम के तहत ईडी का दुरुपयोग किया जा रहा है। इसके विरोध में कांग्रेस नेता दीपक दुबे के नेतृत्व में वैशाली नगर विधानसभा के नेहरू नगर चौक में ई डी और केंद्र सरकार का पुतला दहन कर विरोधप्रदर्शन किया गया। सैकड़ों की संख्या में इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
कांग्रेस नेता दीपक दुबे ने बताया की प्रदेश में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में जनहित हितैषी सरकार चल रही है। जन-जन की भावनाओं के अनुरूप सरकार फैसला कर रही है और कार्य कर रही है। जिससे भारतीय जनता पार्टी भयभीत है। आसन्न चुनाव में अपनी अवश्यमभावी पराजय को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी के पास कोई दूसरा चारा नहीं है, इसलिए षड्यंत्र कर सत्ता में पहुंचने की नाकाम कोशिश कर रही है।
श्री दुबे ने कहा कि पूरे देश में जब से भाजपा की सरकार और मोदी की सरकार आई है अपने राजनीतिक विरोधियों को इसी प्रकार से परेशान किया जा रहा है,ई डी जोकि एक संवैधानिक संस्था है ,इसका दुरुपयोग अपने निहित स्वार्थ की पूर्ति के लिए कर रही है पूरे देश में अगर आंकड़े उठाकर देख जाए तो ई डी के द्वारा की गई कार्रवाई में 90 फीसदी मामले न्यायालय के समक्ष खारिज किया जा रहे हैं, इसका अर्थ यह है राजनीतिक दुरुपयोग करने के लिए ईडी का दुरुपयोग हो रहा है। इसके विरोध में पूरा प्रदेश भाजपा की सरकार को सबक सिखाने एवं धूल चटाने के लिए विधानसभा चुनाव में मतदान का बेसब्री से इंतजार कर रहे है। केंद्र सरकार एवं ईडी के पुतला दहन में प्रमुख रूप से जानकी रमैया, संजय बत्रा, बिग (राजकुमार) सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।