दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 25 अगस्त। भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत, जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा, महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री माया बेलचंदन की विशेष उपस्थिति और जिला अध्यक्ष दिव्या कलिहारी के नेतृत्व में गुरुवार को सैकड़ों की संख्या में महिलाएं अपने सिर पर घड़ा लेकर जिला भाजपा कार्यालय से निकली और कलेक्ट्रेट पहुंचकर घड़ा फोड़ा। महिलाओं ने रास्ते भर भूपेश सरकार के पाप का घड़ा भरने के नारे लगाए। इसी दौरान भारी बारिश की भी परवाह नहीं करते हुए महिलाएं आंदोलन में डटी रही और बरसते पानी में भीगते हुए कांग्रेस सरकार के पाप का घड़ा भरने के प्रतीक स्वरूप घड़ा फोडक़र प्रदर्शन किया।
महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने कहा कि महिलाओं के साथ भूपेश की कांग्रेस सरकार ने अत्याचार और अन्याय की पराकाष्ठा की है, गंगाजल हाथ में लेकर शराबबंदी का भरोसा दिया और महिलाओं के वोट हासिल किए, उसके बाद शराबबंदी लागू करने का वादा निभाने की बजाय शराब की दुकान बढ़ा दी, और तो और शराब की बिक्री बढ़ाने के लिए ऑनलाइन घर पहुंच सेवा चालू कर दी। भूपेश बघेल ने घोटाला करके शराब की अवैध कमाई के लिए महिलाओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया, शराब के कारण परिवार टूट रहे हैं, महिलाओं पर अत्याचार बढ़ रहे हैं महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है इन सब चीजों की जिम्मेदार केवल पापी भूपेश सरकार है।
भाजपा जिला महिला अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने कहा कि भूपेश बघेल सरकार ने इतने पाप किए हैं कि इनका पाप का घड़ा अब भर चुका है, इनके पाप का घड़ा जल्द ही फूटेगा इसीलिए भाजपा महिला मोर्चा ने भूपेश के पाप का घड़ा भरने और फोडऩे के संकेत स्वरूप यह आंदोलन किया है।
मुख्यमंत्री और गृह मंत्री का स्वयं का जिला होने के बावजूद यहां महिलाओं के विरुद्ध बढ़ती छेडख़ानी, अनाचार और अत्याचार की घटनाएं यह साबित करती है कि महिलाओं के प्रति सरकार के मन में कोई संवेदना नहीं है, गुंडा तत्वों को महिलाओं पर अत्याचार करने की खुली छूट भूपेश सरकार ने दी है, ऐसी पापी सरकार अब ज्यादा दिन नहीं रहेगी।
महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष दिव्या कलिहारी ने कहा कि पापी भूपेश सरकार ने महिला स्व सहायता समूह से कर्ज माफी का झूठा वादा किया। रेडी टू ईट जैसी कई योजनाओं से महिला स्व सहायता समूह को बाहर करके उन्हें बेरोजगार किया। इस सरकार ने महिलाओं के साथ ज्यादती करके इतना पाप कमाया है कि इसका सत्ता से बाहर होना तय है।
महिला मोर्चा जिला महामंत्री गायत्री वर्मा और जय श्री राजपूत ने कहा कि भूपेश बघेल सरकार ने झूठ बोल बोल कर इतने पाप कमाए हैं कि उनके कमाए हुए पापों का घड़ा भर चुका है। साल में पांच एलपीजी रसोई गैस सिलेंडर निशुल्क देने का वादा किया था, लेकिन नहीं दिया अब महिलाएं एक साथ 25 सिलेंडर का पैसा भूपेश सरकार से मांगती है। लेकिन यह निकृष्ट सरकार ऐसा नहीं करेगी क्योंकि इस सरकार के मन में केवल पाप है।
महिला मोर्चा के आंदोलन प्रदर्शन में जिला भाजपा उपाध्यक्ष अलका बाघमार, महिला मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और जिला प्रभारी स्वाति साहू, हर्षा चंद्राकर, बानी सोनी, रेखा यादव, अहिल्या यादव रूपेश्वरी साहू, नीतू श्रीवास्तव, अनुसूया साहू, मंजू पांडे, प्रिया ठावरे, प्रीती खरे, रानी बंछोर सहित सैकड़ों की संख्या में महिलाएं शामिल हुई।