दुर्ग
दुर्ग, 23 अगस्त। 15 वर्षीय किशोरी को बहला फुसला कर उसे जंगल की ओर ले जाकर उसके साथ रेप करने वाले मुंह बोले फूफा आरोपी को कोर्ट ने सजा दी है।
अपर सत्र न्यायाधीश फास्ट ट्रैक कोर्ट सरिता दास की कोर्ट ने आरोपी को धारा 506 के तहत 1 वर्ष सश्रम कारवास,1000 रुपए अर्थदंड तथा अर्थदंड न दे पाने पर 15 दिन के साधारण कारावास, धारा 376(3) के तहत 20 वर्ष सश्रम कारावास, 5000 रुपए अर्थदंड तथा अर्थदंड न दे पाने पर तीन माह के साधारण कारावास की सजा सुनाई है। अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक राजेश कुमार साहू ने पैरवी की थी।
जामुल थाना अंतर्गत निवासी 15 वर्षीय किशोरी 26 जनवरी 2022 को घर में अकेली थी। इसी दौरान जामुल निवासी आरोपी जिसे किशोरी फूफा कहकर बुलाती थी, घर पर आया। घर में किशोरी को अकेला पाकर आरोपी ने पहले उससे कहा कि थोड़ा बाहर घूम कर आते हैं। जब किशोरी ने बाहर घूमने जाने से मना किया तो आरोपी ने बहला-फुसलाकर पीछे के दरवाजे से जहां कचरा फेंकते थे, वहां से उसे जंगल की ओर पैदल ही बात करते हुए ले गया।
आरोपी ने सुनसान जगह ले जाकर उसके साथ जबरदस्ती रेप किया।
जब किशोरी ने यह बात अपने परिवार वालों को बता देने की बात कही तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। घर आकर किशोरी ने अपनी आपबीती अपनी छोटी बहन को रोते हुए बताई। तब परिवार वाले पीडि़ता को ले जाकर जामुल थाना में शिकायत दर्ज कराए थे।