दुर्ग

हेमचंद विवि में एक सितंबर से माइग्रेशन एवं डिग्री के लिए ऑनलाईन आवेदन
22-Aug-2023 3:33 PM
हेमचंद विवि में एक सितंबर से माइग्रेशन एवं डिग्री के लिए ऑनलाईन आवेदन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 22 अगस्त। हेमचंद यादव विवि दुर्ग में 01 सितंबर 2023 से माइग्रेशन सर्टिफिकेट तथा स्नातक एवं स्नातकोत्तर तथा पीएचडी की डिग्री प्राप्त करने हेतु सभी विद्यार्थी विवि के पोर्टल के माध्यम से ऑनलाईन आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। इससे दूरदराज से आने वाले विद्यार्थियों को होने वाली कठिनाई का काफी हद तक निराकरण हो सकेगा। यह जानकारी देते हुए विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि विवि की कुलपति, डॉ. अरूणा पल्टा ने आज विवि में अधिकारियों की बैठक लेकर इस बात के निर्देष दिये।

उल्लेखनीय है कि नये शैक्षणिक सत्र में बड़ी संख्या में प्रवेश लेने वाले तथा बाहर के संस्थानों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को माइग्रेशन सर्टिफिकेट की आवश्यकता होने के कारण विवि परिसर स्थित काउंटर पर विद्यार्थियों को लम्बी कतार में लगना पड़ता था जिसके कारण समय भी काफी लगता था तथा कभी-कभी वाद-विवाद की स्थिति भी निर्मित हो जाती थी। इस पर संज्ञान लेते हुए विवि की कुलपति, डॉ. अरूणा पल्टा ने प्रवेश, एवं परीक्षा तथा पात्रता सर्टिफिकेट प्राप्त करने हेतु ऑनलाईन आवेदन की सुविधा उपलब्ध थी इसी सुविधा का विस्तार करते हुए अब माइग्रेशन तथा उपाधि प्राप्ति हेतु भी ऑनलाईन व्यवस्था किये जाने के निर्देश दिये।

कुलपति कक्ष में आयोजित बैठक में कुलसचिव, भूपेन्द्र कुलदीप, अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव, उपकुलसचिव, डॉ. राजमणि पटेल, सहायक कुलसचिव, डॉ. सुमीत अग्रवाल, हिमांशु शेखर मंडावी की उपस्थिति में कुलपति, डॉ. पल्टा ने पुर्नमूल्यांकन तथा पुर्नगणना के प्रकरणों का निदान 31 अगस्त तक करवाये जाने के निर्देष भी दिये। डॉ. पल्टा  ने कहा कि विद्यार्थियों को पूरक परीक्षा संबंधी अपनी तैयारी जारी रखना चाहिए। शासन से पूरक परीक्षा संबंधी निर्देश प्राप्त होते ही पूरक परीक्षा के आयोजन की तिथियां शीघ्र घोषित की जाएगी।


अन्य पोस्ट