दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अभनपुर, 13 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी नेता शान्तनु सिन्हा ने कांग्रेस द्वारा किये जा रहे संकल्प शिविर अभियान को लेकर तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने पिछले पौने पांच सालों तक ऐसा कोई भी कार्य नहीं किया जिसे लेकर वे जनता के बीच जा सके। उन्होंने कहा कि भेंट-मुलाकात का हलिया अभियान तो मूलत: डाँट-फटकार का कार्यक्रम ही सिद्ध हुआ है जो पुरी तरह से सुनियोजित कार्यक्रम था।
उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस सरकार के कुनीतियों से प्रदेश की जनता अपनी बुनियादी सुविधाओं के लिये भी तरस रही हैं, अस्पतालों में स्वास्थ्य व्यवस्था लचर है, प्रदेश में कानून व्यवस्था बदहाल है, शिक्षा व्यवस्था बदहाल है, भ्रष्टाचार को चरम पर रख कर हर चीज को अपने अवैध कमाई का जरिया बनाकर रखा गया है। प्रदेश के किसानों को किये वादे अभी तक पूरा नही कर पाई है न ही बोनस मिला न पूर्ण कर्जा माफ हुआ न नए पंप कनेक्शन मिल रहा है। नए पंप कनेक्शन के लिए किसानों का पैसा भी यह सरकार डकार चुकी है। प्रदेश के किसानों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है कर्ज से प्रदेश के किसान आत्महत्या कर रहे है। किसानों के बारदाने का पैसा भी यह सरकार खा चुकी है युवाओं को पौने पांच सालों तक छला गया उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया।
शान्तनु सिन्हा ने कहा कि विकास के नाम पर एक ईट तक नहीं करने वाली और केन्द्र सरकार की योजनाओं पर भ्रष्टाचार, घोटाला और प्रतिशोध की राजनीति करने वाली प्रदेश की कांग्रेस सरकार को तो अब यह समझ जाना चाहिए कि अब उनके ड्रामेबाजी से प्रदेश की जनता झाँसे में नहीं आने वाली है। भाजपा नेता ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार एकदम तय है और प्रदेश के मुख्यमंत्री बघेल अब जनता के साथ छल-कपट की राजनीति बंद करें।