दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमधा, 12 अगस्त। शासन द्वारा किए गए सर्वे सूची में नाम नहीं होने पात्र हितग्राही शासकीय योजना के लाभ से वंचित हो रहे हैं।
विधवा, पेंशन, विकलांग, पेंशन, वृद्धा पेंशन के साथ अन्य कई शासन की योजना है, जिसमें सर्वे सूची में नाम नहीं होना, उनकी परेशानी बन गई है। यह सभी शासन के लाभ से वंचित हैं। ग्राम रक्सा निवासी बुधारू पटेल पिता प्रेम पटेल दिव्यांग होते हुए भी शासन के सभी लाभ से वंचित हैं। बुधारू ने बताया कि मैं गरीब व्यक्ति हूं, सर्वे सूची में नाम नहीं होने का अभिशाप भोग रहा हूं। शासन से मांग करता हूं कि सर्वे सूची से वंचित रहने वालों का कोई तो योजना बनाएं, ताकि उसे शासन का लाभ मिल सके।
वहीं ठेंगाभाट के सरपंच दिनेश भारती ने बताया कि सर्वे सूची में नाम नहीं होने से हम परेशान हैं। पेंशन के साथ अन्य सुविधा देने में असमर्थ हैं। वृद्ध और दिव्यांग हमारे पास आते हैं, लेकिन हम चाहते हुए भी उनको शासन लाभ नहीं दिला पा रहे हैं, इसका हमें दुख होता है।
अछोली के सचिव गीता राम गायकवाड़ ने बताया कि बिना सर्वे सूची के शासन का लाभ दिलाने हम असमर्थ हैं। लोग शासन का लाभ लेने आते हैं, पर हमें दुख होता है हम उनको राहत नहीं दिला पाते।