दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 11 अगस्त। भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष गजेन्द्र यादव द्वारा संभाग स्तरीय सामाजिक समागम का आयोजन 12 अगस्त को किया जा रहा है, जिसमें जातिगत सामाजिक समीकरणों का उल्लेख किया गया है, परन्तु उसमें केवट (निषाद) समाज का नाम नहीं होने से समाज में रोष व्याप्त है।
निषाद (केवट) समाज संगठन दुर्ग के पूर्व जिलाध्यक्ष बद्रीप्रसाद पारकर ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि 9 अगस्त को एक अखबार में भाजपा द्वारा पिछड़ी जाति की संख्या को प्रतिशत के आधार पर दर्शाया गया है, वह इस प्रकार है- साहू समाज 30 से 35 प्रतिशत, कुर्मी समाज 20-22 प्रतिशत, सतनामी समाज 20-22 प्रतिशत और यादव समाज 12-15 प्रतिशत बाकी लगभग 13 प्रतिशत है। जिसमें केवट समाज का कहीं उल्लेख नहीं है, जबकि केवट समाज की संख्या अन्य पिछड़ी जातियों में लगभग तीसरे स्थान पर है।
केवट (निषाद) समाज की जनसंख्या लगभग 30 लाख के आस पास पूरे छत्तीसगढ़ में हो गई है। वर्ष 2018 में छ.ग. निषाद (केवट) समाज प्रांतीय संगठन द्वारा जनगणना करवाया गया था। जिसमें दुर्ग जिले की संख्या लगभग 60,000 थी। यदि इसमें 2018 से जुलाई 2023 तक 5 प्रतिशत की वृद्धि होती है तो कुल जनसंख्या 63,000 हो जाएगी। चूंकि केवट समाज का बहुतायत आबादी छ.ग. के सभी नदियों के किनारे वाले गांवों में निवास करती हैं एवं मैदानी गांवों में कुछ कम है। कई-कई गांव ऐसे भी है, जहां 95 प्रतिशत केवट समाज के लोग निवासरत हैं। ऐसे तथ्यहीन आधार पर समाज को राजनीतिक क्षेत्र से वंचित करने का मुख्य उद्देश्य राजनीतिक पार्टी का दिख रहा है। इस कारण समाज के सामाजिक एवं बुद्धिजीवी लोगों का आक्रोशित होना स्वाभाविक है। समाज इसकी कड़ी निंदा करता है ।
निंदा करने वालों में छ.ग. निषाद (केवट) समाज संगठन दुर्ग के पूर्व जिलाध्यक्ष बद्रीप्रसाद पारकर प्रांतीय अंकेक्षक मुन्नीलाल निषाद, प्रकाश निषाद, पूर्व मीडिया प्रभारी दुर्ग जिला, पूर्व जिला सचिव जगतराम निषाद, रामाधीन पारकर, संगठन सचिव दुर्ग, सुदर्शन निषाद पूर्व अध्यक्ष दुर्ग परिक्षेत्र, तुलसीराम निषाद, पूर्व अध्यक्ष भिलाई नगर परिक्षेत्र, रामचंद निषाद अध्यक्ष शिवकोकड़ी परिक्षेत्र, संतोष जलतारे सचिव दुर्ग जिला, विष्णु निषाद, अध्यक्ष दुर्ग परिक्षेत्र, टोमन निषाद जिला मीडिया प्रभारी, सियाराम निषाद, पूर्व युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष एवं सामाजिक सचेतकगण जिला दुर्ग आदि हैं।