दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अभनपुर, 10 अगस्त। बुधवार को ध्रुव गोड़ समाज जिला रायपुर एवं ध्रुव गोड़ समाज अभनपुर परिक्षेत्र के संयुक्त तत्वाधान में विश्व आदिवासी दिवस समारोह का भव्य आयोजन कृषि उपज मण्डी धमतरी रोड अभनपुर में किया गया, जिसमें बतौर मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक धनेंद्र साहू शामिल हुए।
ध्रुव समाज द्वारा पारम्परिक पूजा-अर्चना के उपरांत भव्य जुलूस निकाला गया, जिसमें विश्व के आदिवासी एक हों, अधिकारों के प्रति जागरूक हों का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में आदिवासी समाज के बुद्धिजीवियों, समाजसेवियों, मुखिया तथा पंचायत समिति के सदस्यों आदि को सम्मानित किया गया। समारोह में विभिन्न गांवों के कलाकारों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये साथ ही आदिवासी समाज की समस्या एवं अन्य समसामयिक विषयों पर प्रबुद्धजनों द्वारा उद्बोधन दिया गया।
समारोह को मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री एवं विधायक अभनपुर धनेंद्र साहू ने सभी को विश्व आदिवासी दिवस की बधाई एवं शुभकामनायें देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति आदिवासी संस्कृति से पूरी तरह प्रभावित रहा है। यह दिन विश्वभर में आदिवासी समुदायों के आदिकाल संस्कृति और सभ्यता को समर्पित है। उनके संरक्षण, सम्मान और विकास को बढ़ावा देने का एक अवसर है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की भूमि सोनाखान के शहीद वीरनारायण सिंह और बस्तर भूमकाल के शहीद गैंद सिंग की भूमि है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में राज्य सरकार आदिवासी समाज के उत्थान हेतु कार्य कर रही है। सरकार समाज के सशक्त विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
समाज के विकास के लिए शिक्षा जरूरी है। शासन द्वारा समाज को सम्बल बनाने प्रयास किया जा रहा है, हमें शासन की योजनाओं का लाभ लेना है। कार्यक्रम के इस अवसर पर पार्षद बलविंदर गांधी, महामंत्री रानू राठी, पार्षद उत्रसेन गहिरवारे, सरपंच फुलेश्वर ध्रुव, सोनजीत ध्रुव, डोमेंद्र साहू आदि समाज के लोग अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित थे।