दुर्ग
कार्यालय में प्रवेश से रोके जाने पर चक्काजाम कर जताया आक्रोश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 9 अगस्त। जिला भाजपा ने पीडब्ल्यूडी विभाग में भ्रष्टाचार और टेंडर में घोटाला होने का आरोप लगाया है। जिसके विरोध में मंगलवार को पीडब्ल्यूडी अधीक्षण अभियंता कार्यालय का घेराव कर भाजपाईयों ने जमकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं को पीडब्ल्यूडी कार्यालय में प्रवेश से रोके जाने पर सुरक्षा में तैनात पुलिस जवानों और कार्यकर्ताओं के बीच झुमाझटकी की स्थिति भी बनी। जिससे आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा जीई रोड पर चक्काजाम कर विभाग की कार्यशैली को जमकर कोसा गया। चक्काजाम से जीई रोड पर कुछ देर के लिए आवागमन भी बाधित रहा। चक्काजाम से हरकत में आए जिला प्रशासन के अधिकारियों ने समझाइश देकर भाजपा कार्यकर्ताओं से चक्काजाम समाप्त करवाया।
इस दौरान जिला भाजपा के प्रतिनिधि मंडल द्वारा जिला प्रशासन के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में उन्होंने पीडब्ल्यूडी विभाग के करगुजारियों से जिला प्रशासन को अवगत कराकर व्याप्त भराशाही पर रोक लगाने की मांग की है। यह घेराव प्रदर्शन जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा के मार्गदर्शन और घेराव कार्यक्रम प्रभारी पार्षद अरुण सिंह व सह प्रभारी जिला भाजयुमो अध्यक्ष जीत हेमचंद यादव के नेतृत्व में किया गया।
प्रदर्शन के दौरान जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने कहा कि लोक निर्माण विभाग दुर्ग में भ्रष्टाचार की घटनाएं लगातार सामने आ रही है । दुर्ग अंडा रोड नई बनी है ,लेकिन अभी से धंसने लगी है, धमधानाका ओवरब्रिज का बुराहाल है। कांग्रेस नेता और उनके रिश्तेदारों को टेंडर दिया जा रहा है, जो नेतागिरी की आड़ में जमकर घोटाले करते हुए विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता कर रहे हैं। जिस पर अंकुश लगाने में अधिकारी नाकाम साबित हो रहे हैं। अधीक्षण अभियंता कार्यालय कमीशनखोरी का अड्डा बन चुका है। खुद पीडब्ल्यूडी मिनिस्टर का जिला होने के बावजूद दुर्ग में उनके विभाग में भ्रष्टाचार का जबरदस्त आलम है, ऐसे में पूरे प्रदेश में पीडब्ल्यूडी विभाग ने कैसी लूट मचाई होगी, इसकी कल्पना की जा सकती है। यहां के पीडब्ल्यूडी विभाग को विकास कार्यों से कोई लेना देना नहीं है। जिले और शहर की सडक़े देखें तो सडक़ें कम और गड्ढे ज्यादा नजर आते हैं।
नई बन रही सडक़ें भी कमीशनखोरी की भेंट चल रही है, कमीशन खोरी के चक्कर सडक़ें एक बारिश में भी नहीं टिक रही है। इसके पहले जिला भाजपा के पूर्व निर्धारित घेराव प्रदर्शन को लेकर भाजपा कार्यकर्ता मंगलवार की सुबह हिंदी भवन के सामने बड़ी संख्या में एकत्रित हुए। वहां से भाजपाई रैली की शक्ल में पीडब्ल्यूडी कार्यालय के सामने पहुंचे। यहां से भाजपा कार्यकर्ता पीडब्ल्यूडी अधीक्षण अभियंता कार्यालय में प्रवेश करने के फिराक में थे, लेकिन प्रवेश से पहले ही भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं को पुलिस जवानों ने रोक लिया।
जिससे झुमाझटकी की स्थिति बनी। प्रदर्शन में जिला भाजपा महामंत्री ललित चंद्राकर, सुरेंद्र कौशिक, उपाध्यक्ष केएस चौहान, वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. शरदचंद्र अग्रवाल, चतुर्भुज राठी, प्रदेश भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ संयोजक शिव चंद्राकर, जिला भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ संयोजक अनूप गटागट, आर्थिक प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक कांतिलाल बोथरा, विनायक नातू , नेता प्रतिपक्ष अजय वर्मा, पार्षद ओमप्रकाश सेन, देवनारायण चंद्राकर, अजीत वैध, नरेश तेजवानी, आशीष निंमजे, दिनेश देवांगन, संतोष सोनी, दीपक चोपड़ा, मनोज सोनी, चैनसुख भट्टर , पोषण साहू, राजा महोबिया, नितेश साहू, रितेश कुमार शर्मा, मनोज शर्मा, मंडल अध्यक्ष मदन वढ़ई, विजय ताम्रकार, डॉ. सुनील साहू, अग्रवाल सुनील अग्रवाल, चंद्रशेखर चंद्राकर, श्याम शर्मा, विनोद ताम्रकार गणेश निर्मलकर, रोमनाथ साहू, नरेश शर्मा, पूर्व मंत्री रामशिला साहू, पूर्व महापौर चंद्रिका चंद्राकर, प्रदेश भाजपा मंत्री उषा टावरी, जिला भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष दिव्या कलिहारी, अलका बाघमार, वीणा सोनी के अलावा भाजपा के विभिन्न प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।