दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 4 अगस्त। एक ओर जहां किसानों को अति वृष्टि, ओला वृष्टि से फसल के नुकसान को बचाने के लिए प्रधानमंत्री जी ने फसल बीमा स्कीम से राहत देने के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू की है, वहीं छत्तीसगढ़ सरकार कुंभकर्णी नींद सोये हुए है।
15 जुलाई से 31 जुलाई बीमा कराने की तिथि में भी किसानों का बीमा नहीं करा पाए। जिला कलेक्टर को यह आदेश करना पड़ा के महीने के अंतिम दिन शनिवार रविवार को भी बैंक खोल कर बीमा कार्य संपन्न कराया जाए, लेकिन कृषि विभाग के अधिकारी ऐसे कुंभकर्णी नींद सोये हैं कि आज दिनांक तक किसानों का फसल बीमा नहीं हो पाया है।
आज भी पोर्टल में मक्का फसल बस दिखा रहा है,धान फसल नहीं दिखा रहा है, जबकि छत्तीसगढ़ में मुख्यत: धान फसल खऱीब फसल के रूप में ली जाती है। वैसे तो फसल बीमा का दिनांक 16 अगस्त तक बढ़ाया गया है, लेकिन अभी भी छत्तीसगढ़ सरकार के राजस्व अमला (पटवारी) कृषि विभाग के एडीईओ और आरईओ आज तक कुंभकर्णी नींद सोये हुए हैं।
छत्तीसगढ़ सरकार प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के बैंक को टेन्डर देने में विलंब करती है तो दूसरी तरफ एनआईसी द्वारा फसल चक्र को सही दर्ज नहीं करते और फसल गिरदावली में पटवारी द्वारा ऑन रिकॉर्ड फसल दर्ज नहीं किए हैं।
किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष विनायक ताम्रकार ने आरोप लगाया है कि छत्तीसगढ़ सरकार किसानो को फसल बीमा का लाभ नहीं देना चाहती। पिछले वर्ष रबी फसल के नुकसान का आज तक बीमा लाभ नहीं मिल पाया है।