दुर्ग
आठ महीने पूरा परिवार फरार रहा, पुलिस ने भिलाई-3 से धरदबोचा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 14 जुलाई। सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर आठ महीने पहले 1 करोड़ 81 लाख रुपए की ठगी करने वाले एक ही परिवार के 4 लोगों को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार किया है। यह मामला दुर्ग जिला अंतर्गत पाटन के अमलेश्वर थाना क्षेत्र का है।
पाटन एसडीओपी देवांश सिंह राठौर ने बताया कि अमलेश्वर क्षेत्र में नौकरी लगाने के नाम पर छल कर एक ही परिवार के 4 लोगों ने 1 करोड़ 81 लाख रूपये की धोखाधड़ी की और फरार हो गए थे। जिन्हें आज गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार 16 नवंबर 2022 को नरेन्द्र देशलहरे (32 वर्ष) निवासी नायकबांधा तहसील अभनपुर जिला रायपुर ने अमलेश्वर थाना आकर लिखित आवेदन प्रस्तुत किया था कि उससे और रिश्तेदारों से जान पहचान के मुकेश देशलहरे, यशवंत देशलहरे, झम्मन देशलहरे, चंद्रकला भारती, कंचन बंजारे, नुनकरण कोसले, रेणुका गजेन्द्र के साथ नौकरी लगाने के नाम पर 1 करोड़ 81 लाख रूपये मिलाप लहरे, यशवंत लहरे, गजेन्द्र लहरे और पूर्णिमा लहरे द्वारा धोखाधड़ी कर ले लिए गए हैं। नौकरी लगी नहीं और जब रूपये वापस मांगने गए तो आरोपी गाली गलौज कर रूपये लौटाने से इंकार कर रहे हैं। प्रारंभिक जांच बाद प्रथम दृष्टया आरोपियों के विरूद्ध धारा 420, 294, 34 का अपराध दर्ज किया गया था। रिपोर्ट होते ही आरोपी अपने निवास से लगातार फरार थे और उनको पुलिस लगातार पता तलाश कर रही थी।
थाना प्रभारी अमलेश्वर विजय मिश्रा द्वारा पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर आज आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है। पुलिस टीम ने आरोपी मिलाप लहरे (52 वर्ष), उसकी पत्नी पूर्णिमा लहरे (47 वर्ष), बेटे गजेन्द्र लहरे (24 वर्ष) और यशवंत लहरे उर्फ डार्विन (19 वर्ष) निवासी चरोदा बस्ती जैत खाम चौक थाना भिलाई-3 जिला दुर्ग को गिरफ्तार किया है।