दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 13 जुलाई। शहर में यातायात बाधित ना हो इसके स्ट्रीट वेंडर्स को नियमित एवं नियंत्रित करने के निगम आयुक्त चरौदा द्वारा मंगलवार को प्रशासनिक आदेश जारी करते हुए भिलाई-03 चरौदा क्षेत्र में अवैध रूप से बिना अनुमति के ठेला और गुमटी लगाने वाली को प्रतिबंधित करने करने का कार्य किया है।
इस संबंध में जारी किये आदेश में स्पष्ट रूप से यह उल्लेख है कि नगर पालिक निगम भिलाई-चरौदा क्षेत्र अंतर्गत बिना अनुमति गुमटी- ठेला बनाने एवं लगाने पर तत्काल प्रभाव से रोक लगायी जाती है । किसी भी व्यावसायिक प्रतिष्ठान के द्वारा गुमटी अथवा ठेला का निर्माण किये जाने के पूर्व वेंडर्स की जानकारी देते हुए निगम प्रशासन से इसके लिए विधिवत अनुमति लिया जाना अनिवार्य होगा। साथ ही इस आदेश की अवमानना कर गुमटी-ठेला खड़ा करने वालो पर नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएग।
गौरतलब है कि इस संबंध में निगम आयुक्त द्वारा इस प्रकार जानकारी देते हुए बताया गया कि शहर के नागरिकों को बहतर सुविधा उपलब्ध करने वेण्डिंग जोन बनाये जा रहे हैं।
कलेक्टर दुर्ग से प्राप्त निर्देशानुसार यह सुनिश्चित किया जा रहा है की स्ट्रीट वेंडर्स की आजीविका भी प्रभावित ना हो तथा जनजीवन भी सुविधाजनक रहे। इस कार्रवाई का उद्देश्य अव्यवस्थित रूप से ठेला और गुमटी मार्ग पर खडा करने वालो पर अंकुश लगाना है। चर्चा के दौरान निगम आयुक्त ने कहा कि निगम द्वारा लिए गये निर्णय के पश्चात हमने निगम क्षेत्र में तीन स्थानों का चयन कर लिया है जिसे वेडिंग जोन के रूप में विकसित कर अब सभी स्ट्रीट वेंडर्स और ठेले पर व्यवसाय करने वालों को इसमें शिफ्ट करने की तैयारी है। इसके अतिरिक्त एनी जगहों पर भी वेण्डिंग जोन विकसित किए जाएँगे।
इस उद्देश्य के साथ जहां कहीं भी ठेला और गुमटी खडा कर अपना व्यापार करने वालो को उचित जगह निगम द्वारा प्रदान की जाएगी। जिससे ना सिर्फ व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि उनके समस्या का समाधान हो जाएगा। मुख्य सडक़ एवं सर्विस रोड पर जाम लगने की स्थिति नहीं बनेगी। नये चौपाटी के रूप में वेंडिंग जोन विकसित हो जाएगें। एक स्थान पर वेंडिंग जोन में लगने वाली दुकानों से दुकान संचालकों को भी उनके व्यवसाय में अच्छा रिस्पांस मिलेगा। निगम आयुक्त ने स्वास्थ्य अधिकारी अश्विनी चंद्राकर एवं आदित्य भटनागर को इस कार्य हेतु आवश्यक कार्रवाई करने निर्देशित किया है।