दुर्ग
स्पष्ट करें मालिकाना हक या लीज डीड का पंजीयन मात्र? , पार्षद पीयूष मिश्रा ने मांगा जवाब
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 13 जुलाई। पार्षद पियूष मिश्रा ने आरोप लगाते हुए कहा कि भिलाई विधायक द्वारा पिछले विधानसभा चुनाव में लोगों को लीज पर मकान दिलाने का वायदा किया गया था, जो पूर्ण रूप से खोखला साबित हुआ। अब एक बार फिर चुनाव के ठीक पहले लोगों के सामने उनके द्वारा झूठ परोसा जा रहा है। विधायक देवेंद्र यादव लीज डीड का पंजीयन कराकर एक बार फिर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। इस लीज डीड के पंजीयन से केवल शासन को राजस्व की प्राप्ति होगी, लीजधारक को इससे कोई भी विशेष लाभ नहीं मिलने वाला है।
पियूष मिश्रा ने पत्रकार वार्ता में विधायक देवेंद्र यादव से सवाल किया है कि टाउनशिप में लीजधारकों का पंजीयन कराने के बाद क्या लीजधारकों इस रजिस्ट्री के आधार पर अपना मलबा बैंक में मॉडगेज रख सकेंगे क्या?
पार्षद पीयूष मिश्रा ने बताया कि अपने चिर परिचित स्वभाव के अनुरूप ही कांग्रेस नेता लोगों को आधी-अधूरी जानकारी देकर गुमराह कर रहे हैं। भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव और महापौर नीरज पाल बीएसपी प्रबंधन द्वारा हाउस लीज स्कीम 2002-03 के तहत 4500 संयंत्र कर्मियों और उनके आश्रितों को आवंटित लीज आवासों की लीज डीड पंजीयन का ऐसा ढिंढोरा पीट रहे हैं मानों लीजधारकों को आवास का स्वामित्व मिल गया है। वास्तव में यह बीएसपी प्रबंधन और लीजधारकों के बीच हुए एग्रीमेंट का पंजीयन मात्र है, जो कि आमतौर पर 11 महीने से अधिक के किराया करारनामा पर सामान्य नागरिकों के लिए भी अनिवार्य है। इससे लीजधारकों का बहुत ज्यादा लाभ होगा, ऐसा कुछ भी नहीं है। इससे शासन को पंजीयन नहीं होने से हो रही राजस्व क्षतिपूर्ति की भरपाई, अब अवश्य हो जाएगी।
श्री मिश्रा ने कहा कि वर्ष 2002-03 में बीएसपी द्वारा लोगों को 30 वर्ष की अवधि के लिए लीज पर मकान दिया गया था। यह जानना जरूरी है कि किसी भी रेंट एग्रीमेंट की अवधि 11 माह से अधिक होने पर संपत्ति अंतरण अधिनियम की धारा 105 के तहत लीज का पंजीयन आवश्यक होता है। उस समय इस लीज डीड का पंजीयन नहीं हो सका था। इसके कारण शासन को मिलने वाला राजस्व प्राप्त नहीं हो सका। इसी राजस्व की प्राप्ति के लिए विधायक द्वारा लोगों को गुमराह किया जा रहा है। विधायक देवेंद्र यादव ने पिछले विधानसभा चुनाव में हाउस लीज स्कीम के छठे फेज का समर्थन किया था। अब जब फिर चुनाव आ रहा है तो जनता झूठे वायदे और दावे का हिसाब न मांग ले इसलिए अब लीज डीड पंजीयन का मामला ले आए हैं और फिर से लोगों को गुमराह कर रहे हैं। विधायक और महापौर जनता की भावनाओं से कब तक खिलवाड़ करते रहेंगे?
श्री मिश्रा ने बताया कि यहां पर रजिस्ट्री एवं लीज डीड का पंजीयन के बीच के अंतर को समझना जरूरी है। किसी भी प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री वर्तमान कलेक्टर दर के अनुरूप तय शुल्क पर ही की जाती है और इससे आवेदक को उस प्रॉपर्टी का मालिकाना हक भी प्राप्त होता है। इसके ठीक विपरीत लीज डीड की रजिस्ट्री मात्र एक रेंट एग्रीमेंट का रजिस्ट्रेशन है जिससे आवेदक को कोई मालिकाना हक प्राप्त नहीं होगा।
यह बात भी गौर करने वाली है कि नगर निगम जो कि अपने स्वयं की स्वामित्व वाली आकाशगंगा एवं अन्य जगहों पर लीज पर दी गई प्रॉपर्टी का नवीनीकरण आज भी नहीं करा पा रही है लेकिन केवल चुनाव को ध्यान रखते हुए लोगों को गुमराह करने के लिए बीएसपी की स्वामित्व वाली प्रॉपर्टी के नवीनीकरण की बात कर रहे हैं। ये लोग अनुबंध के पंजीयन कराकर लीजधारकों के बीच प्रॉपर्टी का मालिकाना हक प्राप्त होने का भ्रम फैला रहे हैं।