दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 12 जुलाई। भिलाई के पावर हाउस चौक के समीप में शानदार वेंडिंग जोन तैयार हो चुका है, जिसका शुभारंभ मंगलवार को महापौर नीरज पाल ने किया इस दौरान जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, जोन अध्यक्ष जालंधर सिंह एवं भूपेंद्र यादव महापौर परिषद के सदस्य मन्नान गफ्फार खान विशेष रूप से मौजूद रहे। शहर में अव्यवस्थित तरीके से ठेले एवं गुमटीओ के सुंदर बसाहट के लिए वेंडिंग जोन तैयार किए जा रहे हैं, इससे ट्रैफिक की समस्या भी काफी हद तक दूर हो रही है।
वेंडिंग जोन में एक समरूप गुमटीया रखी गई है, जिसकी वजह से एक आकर्षक रूप स्थल पर नजर आने लगा है। गुमटीया एक ही पैटर्न में आकर्षक रंगों में लगाई गई है, जिससे स्थल की भव्यता बढ़ गई है। पहले इस स्थल पर अव्यवस्थित तरीके से दुकानें संचालित हो रही थी, जो कि देखने में भी अच्छा प्रतीत नहीं हो रहा था। जिसको देखते हुए महापौर नीरज पाल और निगमायुक्त रोहित व्यास ने पावर हाउस चौक पर वेंडिंग जोन स्थापित करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए थे। अब इस स्थल पर वेंडिंग जोन तैयार होने से एक अलग ही नजारा देखने को मिल रहा है। धूल रहित स्थल बनाने के लिए पेवर ब्लॉक लगाए गए हैं, रात्रि में रौशनी प्रदान करने के लिए प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। जिसके चलते गुमटी/दुकान संचालकों के साथ ही ग्राहकों को भी यहां से खरीदी करने में आसानी होगी। 37 गुमटीया वेंडिंग जोन में स्थापित की गई है। वेंडिंग जोन में पहले से इस स्थल पर दुकान संचालन करने वालों को प्राथमिकता दी गई है और उन्हें ही यहां पर गुमटी के माध्यम से दुकान संचालन करने कहा गया है। अब पूर्व से यहां पर दुकानों का संचालन कर रहे संचालकों द्वारा व्यवसाय किया जाएगा।