दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 11 जुलाई। बीएसपी एससी/एसटी एम्पलाइज एसोसिएशन में इन दिनों जमकर घमासान मचा हुआ है। विगत दिनों एसोसिएशन के महासचिव कोमल प्रसाद और सचिव विजय कुमार ने पत्रकारवार्ता में अध्यक्ष सुनील रामटेके पर पिछले एक साल से निष्क्रिय और संस्था विरोधी कार्यों में संलिप्तता का आरोप लगाते हुए कहा था कि उन्होंने बिना कार्यकारिणी को बताए एक पैरेलल संस्था का नया पंजीयन भी करवा लिया है।
सोमवार को पत्रकारवार्ता में अपने अध्यक्षीय 18 वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियां बताने आए सुनील रामटेके ने जानकारी दी कि एसोसिएशन का पिछले 13 वर्ष से आडिट नहीं हुआ है और बैंक खाता भी केवायसी के अभाव में फ्रिज पडा़ है, ऐसी मृतप्राय संस्था में पद लोलुप लोग अध्यक्ष बनने की मंशा से आरोप लगा रहे हैं।
इस दौरान महासचिव और सचिव के आरोपों के जवाब की बजाय सुनील रामटेके उपलब्धियां गिनाने का प्रयास करते रहे। उन्होंने स्वीकार किया कि बीएसपी एससी एसटी एम्पलाइज एसोसिएशन मृतप्राय हो चुका है इसलिए ऐसे संगठन की बजाय उन्होंने नाम में छत्तीसगढ़ जोड़ कर नया पंजीयन करवाया है। चूंकि इसी महीने सुनील रामटेके बीएसपी से रिटायर हो रहे हैं और महासचिव ने कहा कि वे अब अध्यक्ष नहीं रह सकते के जवाब में रामटेके ने कहा कि सेवानिवृत होने के बाद वो पद पर रहेंगे या नहीं, इसका फैसला महासचिव कोमल प्रसाद नहीं बल्कि बीएसपी मैनेजमेंट, अधिकारी कर्मचारी और रजिस्टार करेंगे।