दुर्ग

फर्जी ईडी अफसर बनकर ठगी करने वाले 7 आरोपी मुंबई से गिरफ्तार, दो की तलाश
03-Jul-2023 3:26 PM
फर्जी ईडी अफसर बनकर ठगी करने वाले 7 आरोपी मुंबई से गिरफ्तार, दो की तलाश

सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे दो स्थानीय लोगों के बारे में संशय बरकरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 3 जुलाई।
दुर्ग के राइस मिलर व्यापारी से फर्जी ईडी अफसर बनकर दो करोड़ रुपए कैश की ठगी करने का मामला पेचीदा होता जा रहा है। एक तरफ जहां दुर्ग पुलिस ने गैंग के 7 आरोपियों को मुंबई से गिरफ्तार कर लगभग 85 लाख रुपए कैश रिकवर कर लिया है और दो लोगों की तलाश जारी है, वहीं दूसरी तरफ घटना स्थल का जो सीसीटीवी फुटेज वायरल हुआ है, उसमें दो स्थानीय लोग संदिग्ध दिख रहे हैं। पुलिस का कहना है वो लोग प्रार्थी हैं। ऐसे में सवाल ये उठता है कि यदि वो प्रार्थी हैं, तो घटना स्थल पर क्या कर रहे थे और आरोपियों के साथ ही क्यों भागे?

दुर्ग एसपी शलभ सिन्हा ने बताया कि छत्तीसगढ़ के भिलाई में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का अफसर बनकर ठगी करने वाले सात आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया है। आरोपियों को मुंबई से छत्तीसगढ़ ट्रांजिट रिमांड में लाया जा रहा है। उनके पास से लगभग 85 लाख रुपये बरामद हुए हैं। ये पूरी मुंबई की ही गैंग है। आरोपी इससे पहले गुजरात, बेंगलुरु जैसी जगह में ऐसे मामलों को अंजाम दे चुके हैं। 

एसपी शलभ सिन्हा ने बताया कि पुलिस के सामने आरोपियों को पकडऩे का बड़ा चैलेंज था। इसके लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं। दुर्ग सीएसपी वैभव बैंकर के मार्गदर्शन में टीमें महाराष्ट्र पहुंची, वहां आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर सभी सात आरोपियों को पकड़ा गया। 

पूछताछ में एक आरोपी ने बताया कि कारोबारी से घटना के कुछ दिन पहले मिलकर उसे विश्वास में लिया और एक बिजनेस में निवेश कर ज्यादा पैसे कमाने का लालच दिया। इसके बाद जैसे ही उसने कन्फर्म किया कि उसने 2 करोड़ रुपए कैश का इंतजाम कर लिया है और ऑफिस बुलाया। उन लोगों ने ईडी ऑफिसर बनकर उसके यहां रेड मार दी।

ज्ञात हो कि दुर्ग के पारख कॉम्प्लेक्स में चावल कारोबारी विनीत गुप्ता के ऑफिस में मंगलवार 27 जून की दोपहर काले रंग की स्कार्पियो गाड़ी से छ: लोग पहुंचे थे। उन्होंने अंदर घुसते ही ऑफिस का दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद कारोबारी को टैक्स चोरी डर दिखाकर आफिस की तलाशी ली और लॉकर में रखे दो करोड़ रुपयों से भरे बैग लेकर कारोबारी को साथ लेकर उसी गाड़ी से भागे थे। पुलिस ने जब गाड़ी के नंबर से पता किया तो वो फर्जी निकला। पुलिस ने 7 आरोपियों के साथ ही उस गाड़ी को भी जब्त कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक शातिर ठग स्कार्पियो से राजनांदगांव के रास्ते महाराष्ट्र की ओर जाने लगे। चलती गाड़ी में ही कारोबारी से पूछताछ करते रहे और रास्ते में ही कारोबारी छोड़ देने की मिन्नतें करता रहा। इसके बाद बदमाशों ने राजनांदगांव में सोमनी टोल प्लाजा के पास उसे उतार दिया और रुपयों से भरा बैग लेकर भाग निकले। किसी तरह से कारोबारी विनीत गुप्ता वापस शहर आए और थाने पहुंचे और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

घटना स्थल का जो सीसीटीवी फुटेज वायरल हुआ है। उसमें ईडी के अधिकारियों के आने से कुछ मिनट पहले से वहां भिलाई के दो स्थानीय लोग भी दिख रहे हैं। जैसे ही आरोपी रुपए से भरा बैग लेकर भागे वो दोनों संदेही भी वहां से चले गए। पुलिस ने संदेह के आधार पर अरविंद राय और कुंदन मिश्रा नाम के दो आरोपियों को पूछताछ के लिए बुलाया था। 

एसपी शलभ सिन्हा ने भी यह बात कही कि फुटेज में अरविंद राय दिख रहा है, लेकिन वो आरोपी नहीं है। उनका कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में जितने भी लोग दिखाई दें, सभी को आरोपी नहीं बनाया जा सकता है, वहीं जब कांग्रेस नेता अरविंद राय से बात की गई तो उनका कहना है कि मैं वहां पर नहीं था। वो कोई दूसरा दिख रहा है। मैंने पूरा वीडियो देखा है, पुलिस को भी बता दिया है, मैं उसमें नहीं है। जिनके साथ घटना हुई है, मैं उनको जानता बस हूं और इस मामले में मेरा कोई लेना-देना नहीं है।
 


अन्य पोस्ट