दुर्ग
नाराज ग्रामीणों ने किया चक्काजाम, सीएम ने जताया दुख
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 3 जुलाई। दुर्ग जिले में रविवार को कैप्सूल वाहन ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। जिससे मोटरसाइकिल पर सवार 40 वर्षीय एक व्यक्ति और उसके नाबालिग बेटे की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और बेटी घायल हो गई हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया और मृतक के परिजन को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। इसके अलावा जिस खनन ठेकेदार का ट्रक था, वह भी प्रत्येक मृतक के परिजन को दो-दो लाख रुपये की मुआवजा राशि देगा।
रविवार को एक कैप्सूल वाहन ने बाइक से जा रहे एक ही परिवार के 4 लोगों को कुचल दिया। हादसे में बाइक चालक सहित दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हैं। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर पाटन-अमलेश्वर रोड को जाम कर दिया। आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। किसी तरह पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों के समझाने के कई घंटे बाद जाम खुला।
बताया जा रहा है कि अमलेश्वर गांव के निवासी राजेंद्र बारले (40 वर्ष) और उनके बेटे प्रभात (4 वर्ष) की मौत हुई है, जबकि बेटी और पत्नी गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस मामले में ग्रामीणों ने चक्का जाम कर मृतक के परिजनों को साढ़े 10 लाख रुपए मुआवजे और बीमा की राशि मिलाकर देने की मांग की। कैप्सूल वाहन चालक ने दोनों घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज और मृतक की बच्ची की पूरी पढ़ाई कराने की बात कही है। जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने चक्काजाम खत्म कर दिया है।
पुलिस ने बताया कि अमलीडीह निवासी एक परिवार बाइक से अमलेश्वर की तरफ जा रहा था। जैसे ही मोतीपुर चौक पहुंचा तो पीछे से आए तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने बाइक चालक को टक्कर मार दी। कैप्सूल वाहन चालक भागने की फिराक में था। बाइक गाड़ी के नीचे फंस जाने से वो भाग नहीं पाया।
इस दुर्घटना में दो लोगों को मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहां मौजूद लोगों ने एंबुलेंस को बुलाकर घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचा। इसके बाद गुस्साए लोगों ने चौक पर चक्का जाम कर दिया। कई घंटे तक हजारों लोगों की भीड़ सडक़ को जाम करके बैठी रही।
सूचना मिलते ही अमलेश्वर सहित पाटन और रानीतराई थाने का पुलिस बल पहुंचा। उन्होंने राजस्व अधिकारियों के साथ मिलकर लोगों समझाया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अनंत साहू ने बताया कि दुर्घटना जिले के पाटन क्षेत्र के मोतीपुर गांव में करीब 12 बजे हुई। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने रायपुर को दुर्ग से जोडऩे वाली सडक़ को जाम कर दिया। एक कैप्सूल ट्रक ने मोटर साइकिल को टक्कर मार दी, जिससे मोटर साइकिल सवार राजेंद्र बारले और उनके बेटे प्रभात बारले की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बारले की पत्नी लक्ष्मी और बेटी पुष्पा को भी चोटें आईं और उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया। ट्रक चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
स्थानीय लोगों ने पर्याप्त मुआवजा, घायलों को मुफ्त इलाज, मृतक की बेटी के लिये मुफ्त शिक्षा और घटनास्थल पर स्पीड ब्रेकर के निर्माण की मांग करते हुए सडक़ जाम किया था। आश्वासन बाद चक्काजाम खत्म किया गया है।
