दुर्ग
भिलाई नगर, 1 जुलाई। भिलाई -चरौदा निगम प्रशासन द्वारा जनहित के दृष्टिकोण से वर्तमान में क्षेत्रांतर्गत निर्माण कार्य संपादित करने वाले ठेकेदारों को नोटिस जारी करने का कार्य किया गया है। यह कार्रवाई किसी भी होने वाली संभावित दुर्घटना को रोकने के उद्देश्य से की जा रही है। निगम आयुक्त अजय त्रिपाठी द्वारा बरसात प्रारंभ होने के कारण निगम के सभी अभियंताओं को इस संबंध में विशेष ध्यान देते हुए चल रहे रोड, नाली, सडक़ चौड़ीकरण कार्य करने वाले ठेकेदारों को नोटिस जारी करने के निर्देश प्रदान किये गये हैं। जिसका उद्देश्य किसी भी निर्माण स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, बेरिगेटिंग, सुगम अप्रोच रोड, गड्ढों का भरा जाना, दिशा सूचक बोर्ड एवं अन्य आवश्यक व्यवस्था कार्यरत ठेकेदारों द्वारा किया जाकर शीघ्रता पूर्वक कार्य पूर्ण कराना है। इसके पश्चात निगम के कार्यपालन अभियंता सुनील जैन द्वारा 02 ठेकेदारों को कारण बताओं सूचना एवं अन्य समस्त निर्माण एजेंसियों को इस आशय संबंधी सूचना-पत्र जारी किया गया है।