दुर्ग

देखें VIDEO : दुर्ग में सगनी घाट और अरसनारा पुल का ढांचा भरभरा कर गिरा
29-Jun-2023 2:49 PM
देखें VIDEO : दुर्ग में सगनी घाट और अरसनारा पुल का ढांचा भरभरा कर गिरा

कार्यपालन अभियंता ने बताया सामान्य घटना, कहा- ठेकेदार और इंजीनियर को जारी होगा नोटिस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर,/ दुर्ग,  29 जून। दुर्ग जिले में शिवनाथ नदी के सगनी घाट पर बनाए जा रहे पुल का ढांचा बहने के बाद उसी दिन अरसनारा में पुल का निर्माणाधीन ढांचा बह गया है। दोनों ही घटना के दौरान वहां कोई मौजूद नहीं था।

निर्माणाधीन दोनों पुल पर लोगों को जाने से रोकने के लिए सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए थे। नतीजतन पुल का ढांचा और सेंटरिंग बहने का वीडियो बना, जहां लोग सोशल मीडिया पर अपलोड करते रहे, वहीं कार्यपालन अभियंता ने इसे सामान्य घटना बताते हुए संबंधित ठेका कंपनी को नोटिस दिए जाने की बात कही है।

ज्ञात हो कि शिवनाथ नदी पर सगनी घाट और सिल्ली गांव को जोडऩे वाले मार्ग में 16.4 करोड़ की लागत से पुल बनाया जा रहा है। निर्माणाधीन 400 मीटर लंबे इस पुल पर लोगों को जाने से रोकने के लिए किसी प्रकार की कोई बैरिकेडिंग या सुरक्षा के उपाए नहीं किए गए थे। पुल निर्माण अमर इंफ्रास्ट्रक्चर द्वारा किया जा रहा है और कंपनी ठेकेदार नरेंद्र राठी दुर्ग के ही रहने वाले हैं।

ग्रामीणों और वहां काम कर रहे कर्मचारियों ने बताया कि निर्माण को देखने के लिए ठेकेदार और कार्यपालन अभियंता आते ही नहीं हैं। पुल का निर्माण केवल एक मुंशी के भरोसे चल रहा था, जिसके चलते ही पिछले साल इसी पुल से एक युवक शिवनाथ नदी में गिर गया था और उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद भी अब तक सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए।

दूसरी तरफ अरसनारा में दो गांव को जोडऩे के लिए शिवनाथ नदी पर पीडब्ल्यूडी सेतु के रूप में निगम एक हाई एप्रोच ब्रिज का निर्माण कर रहा था। घटिया निर्माण के चलते इस पुल का ढांचा बनाने के लिए की गई सेंटरिंग भी बुधवार को बह गई है।

कार्यपालन अभियंता डीके मदेरी ने इसे सामान्य घटना बताया है। उन्होंने कहा कि वो नोटिस जारी करेंगे, अगर संतोषजनक जवाब न मिला तो उसके ऊपर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।

ईई डीके महेश्वरी ने भी इस मामले में ठेकेदार और सब इंजीनियर को दोषी बताया है। मौके पर निर्माण से संबंधित जो सूचना बोर्ड लगा है, उस पर ठेकेदार और ईई का नाम नंबर तक मिटा दिया गया है।

इस मामले में नरेंद्र राठी ठेकेदार अमर इंफ्रास्ट्रक्चर का कहना है कि  घटना की जानकारी हमें है,और वहाँ ढलाई के लिए बनाया गया ढांचा गिरा हुआ है, हमने उसे हफ्ते भर पहले निकालने का प्रयास किया था, ताकि बरसात के बाद काम किया जा सके।

 

 


अन्य पोस्ट