दुर्ग
डेढ़ साल पहले भिलाई के युवक को अगवा कर ओडिशा ले गया था
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 28 जून। डेढ़ साल पहले भिलाई के युवक का अपहरण कर ओडिशा ले गए फरार आरोपी की गुपचुप शहर वापसी पर पुलिस ने धरदबोचा।
पुलिस के अनुसार फरीद नगर सुपेला निवासी सविता गंधर्व ने 21 फरवरी 2022 को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उनका बेटा सतीश गंधर्व (21 वर्ष) बिना बताये कहीं चला गया है। रिपोर्ट पर थाना सुपेला में गुमने की रिपोर्ट दर्ज कर पता तलाश की जा रही थी, तभी एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें गुमशुदा युवक सतीश गंधर्व को निर्वस्त्र कर प्रताडि़त किया जा रहा था और वीडियो में वह गुहार लगा रहा था कि मुझे कालाहांडी (ओडिशा) में बंधक बना लिया गया है और वह गांजा तस्करों के चंगुल में फंसा हुआ है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष पुलिस टीम गठित कर गुमशुदा को रेस्क्यू करने काहालांडी रवाना किया गया था। ओडिशा के कालाहांडी जिले के नक्सल प्रभावित दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में स्थित एम रामपुर थाना क्षेत्र के इलाके में गांजा तस्करी करने वाले लोगों के द्वारा बंधक बनाये गए इस युवक के आलावा एक अन्य व्यक्ति का भी सकुशल रेस्क्यू कर पुलिस टीम वापस लेकर आई थी।
इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार करने में एवं गांजा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ कर आरोपियों के विरूद्ध पृथक से अपराध पंजीबद्ध कर जेल भेजने में सफलता मिली थी। इस मामले का मुख्य आरोपी परवेज खान पुलिस की इस कार्रवाई के बारे में जानकारी मिलते ही फरार हो गया था। जिसे खोजा जा रहा था।
वर्तमान में एसपी दुर्ग शलभ सिन्हा के निर्देश पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु अभियान चलाकर धर-पकड़ की जा रही है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अपहरण का आरोपी परवेज खान भिलाई के मरौदा क्षेत्र में आने वाला है। सुपेला पुलिस द्वारा तत्काल टीम गठित कर सादी वर्दी में मरोदा भेजा गया।
इसी दौरान आरोपी परवेज खान को आता देख सुपेला पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड में भेजा गया है।
आरोपी परवेज खान के विरुद्ध अन्य कई थानों में प्रकरण दर्ज है तथा बेमियादी वारंट भी लंबित है। गिरफ्तार आरोपी परवेज खान (55 वर्ष) निवासी सुपेला के खिलाफ लंबित सभी प्रकरणों में अग्रिम प्रक्रिया पूरी की जा रही है।