दुर्ग
3 सुपरवाईजर को किया तलब
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 25 जून। कलेक्टर दुर्ग द्वारा समयसीमा की बैठक में नियमित रूप से आयुष्मान भारत योजना की प्रगति की समीक्षा किये जाने के दौरान दिये गये निर्देशों के आधार पर भिलाई- चरौदा क्षेत्र में भी आयुष्मान भारत योजना पंजीयन कार्य से कर्मचारियों को संलग्न किया गया है। भिलाई- चरौदा निगम को शासन द्वारा दिये गये लक्ष्य के अनुसार 36,000 आयुष्मान पंजीयन करना है। इस संबंध में निगम आयुक्त द्वारा निगम में कार्यरत् वार्ड प्रभारी कर्मचारी एवं कम्प्यूटर ऑपरेटरों को कार्य की पूर्णता हेतु दायित्व प्रदान किये हैं।
स्व-सहायता समूहों की महिलायें, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता साथ ही शहर में कॉमन सर्विस सेंटर संचालकों के द्वारा भी आयुष्मान कार्ड का पंजीयन किया जा रहा है। इस प्रकार निगम कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्व-सहायता समूह की महिलायें तथा सीएसी संचालकों द्वारा पंजीयन उपरांत भी लक्ष्य पूर्ण नहीं होने के कारण गुरूवार को कार्यालय सभागार में निगम आयुक्त अजय त्रिपाठी द्वारा एकीकृत महिला बाल विकास, भिलाई- 3 के तीनों सुरवाईजर की समक्ष उपस्थिति में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पंजीयन कार्य पूर्ण करने के निर्देश प्रदान किये।